चक्रवात ‘मोन्था’ का असर बिहार के कई जिलों में दिख रहा है। पटना में सुबह से तेज बारिश हुई। समस्तीपुर, बेगूसराय, छपरा और बेतिया में भी हल्की बारिश हुई है। शुक्रवार को औरंगाबाद और कटिहार को छोड़कर पटना समेत पूरे बिहार में बारिश हुई। बांका में लगातार बारिश से रजौन बाजार के कई घरों में पानी भर गया है। सुपौल में बीते 24 घंटे में औसतन 65.4mm बारिश रिकार्ड की गई। जबकि फारबिसगंज में 31.4mm बारिश दर्ज की गई। इधर, कोसी नदी के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। बारिश के कारण धान की फसल को नुकसान हुआ है। वहीं खगड़िया में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की आज होने वाली सभा खराब मौसम के कारण रद्द हो गई है।
आज 26 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज 26 जिलों में बारिश की चेतावनी दी है। इसमें 7 जिलों में ऑरेंज तो 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। 40Kmph की रफ्तार से हवा भी चलेगी। पटना समेत सूबे के कई जिलाें में पूरे दिन हल्की बारिश और बूंदाबांदी हाेने का पूर्वानुमान है। आसमान बादलों से घिरा रहेगा। हल्की ठंड हवा भी चलेगी। माैसम विभाग के अनुसार, 2 नवंबर से माैसम साफ हाे जाएगा। उसके बाद न्यूनतम पारा में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जाएगी।
खराब मौसम का चुनावी प्रचार पर बुरा असर
बिहार विधानसभा चुनाव पर मौसम भारी पड़ रहा है. कल खराब मौसम के कारण 23 जनसभाएं रद्द करनी पड़ गई थीं. हेलीकॉप्टर का उड़ना मुश्किल हो गया था. तेजस्वी की अब तक की सबसे ज्यादा चुनावी जनसभा आज होने जा रही हैं. तेजस्वी ने 17 जनसभाएं आयोजित की हैं. खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर की उड़ान पर संशय गहराया हुआ है. तेजस्वी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभाएं करने की तैयारी की है.
तूफान का कुछ असर आज यानी शनिवार को भी बिहार में देखने को मिलेगा. पूर्वी भाग के जिलों में इसका असर आज ज्यादा रहेगा. किशनगंज, अररिया और पूर्णिया में आज भारी बारिश होने वाली है. सीमांचल सहित पूर्वी बिहार के दूसरे जिलों में भी खूब बारिश होगी. भागलपुर, जमुई सहित पूर्वी बिहार के सभी 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. शेष जिलों में कोई चेतावनी जारी नहीं है लेकिन पूरे बिहार के आसमान में बादल छाए रहेंगे. धूप नदारत रहेगी.
आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, बारिश का यह सिलसिला आज के बाद थम जायेगा. कल से मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है. इसके साथ ही दिन के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है. हालांकि, अब बिहार में ठंडी की शुरुआत हो गई है.
पिछले दो से तीन दिनों से मौसम के बदले मिजाज की वजह से दिन और रात के तापमान का अंतर मात्र एक से दो डिग्री का रह गया है. 31 अक्टूबर को पटना का अधिकतम तापमान 26.6°C दर्ज हुआ जबकि न्यूनतम तापमान 22.4°C रहा. इसी तरह मुजफ्फरपुर में दिन का तापमान 22.8°C रहा जबकि रात का तापमान 22.2°C दर्ज किया गया. इसी तरह कई जिलों का हाल यही रहा. इसका मतलब यह हुआ कि दिन और रात दोनों ही समय ठंडक लगभग समान है. इससे पता चलता है कि मौसम सबसे ज्यादा स्थिर और ठंडा बना हुआ है.
| शहर का नाम | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| पटना | 23.6 | 22.4 | 52 |
| मुजफ्फरपुर | 22.8 | 22.2 | 34 |
| गयाजी | 25.6 | 23 | 30 |
| पूर्णिया | 23.4 | 21.9 | 39 |
| भागलपुर | 25.4 | 22.8 | 59 |







