वोटर अधिकार यात्रा को लेकर बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद ने बड़ा बयान दिया है. सोमवार (01 सितंबर, 2025) को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “जब गाड़ी में घूमते हैं तो राहुल गांधी आगे और तेजस्वी यादव पीछे होते हैं, अखिलेश यादव भी पीछे, बीच में उत्तर बिहार में कहीं रोहिणी आचार्य दिखी थीं. आज मैं खोज रहा था पटना के दो सांसद हैं, एक मैं और लालू यादव की बेटी मीसा भारती, वो कहीं वोटर अधिकार यात्रा में दिखीं. क्या राहुल गांधी ने परिवार के अंतरविरोधो को और बढ़ा दिया है क्या?”
बीजेपी सांसद ने आगे इस पर कहा, “ये उनका विषय है वो जवाब देंगे, लेकिन तेजस्वी यादव आप बिहार में दो नंबर के खिलाड़ी क्यों हो गए? जिस कांग्रेस का बिहार में वोट नहीं है और वो आपके भरोसे चलती है, आप हो 2 नंबर के प्लेयर हो गए, ये भी देखने की जरूरत है.”
राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा, “ये (राहुल गांधी) अपनी यात्रा में मोहब्बत की दुकान लेकर चले थे. इन्होंने अपनी मोहब्बत की दुकान में कितनी नफरत परोसी है, वह सभी जानते हैं. इस देश को समझना चाहिए कि राहुल गांधी गैर जिम्मेदार हैं.”







