राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा की अध्यक्षता में भागलपुर और मुंगेर प्रमंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। गुरुवार को मुख्य सचिवालय के सभागार में आयोजित इस समीक्षा बैठक में सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में दोनों प्रमंडलों के जिलाधिकारी‚ पुलिस अधीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारियों से चुनावी तैयारियों की विस्तृत रिपोर्ट ली गई। इसमें मतदान केंद्रों की स्थिति‚ सुरक्षा व्यवस्था‚ मतदाता सूची के अद्यतन कार्य और आदर्श आचार संहिता के पालन की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि इस बार चुनाव में शून्य पोल बहिष्कार का लक्ष्य निर्धारित करें। मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि अब विधानसभा चुनाव में कम दिन बचे हैं‚ लिहाजा सभी अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति सतर्क रहें। उन्होंने जिलों में वाहनों की चेकिंग अलग–अलग वक्त पर शुरू करने के साथ–साथ बर्डर चेकपोस्ट को भी फंक्शनल करने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि आर्म्स होल्डर के घर पर जाकर सत्यापन कराएं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने प्रचार–प्रसार पर खासतौर पर जोर देने का निर्देश दिया।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि घर घर जा कर गणना प्रपत्र शीघ्र भरवा कर एवं एकत्रित कर समय पर जमा करवाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही शहरी इलाकों में प्रचार–प्रसार की व्यवस्था जरूर करें। कूडा गाडियों में जिंगल के माध्यम से भी प्रचार–प्रसार होना चाहिए। चुनाव में वोट देने को लेकर अधिक से अधिक प्रचार–प्रसार करें। लोगों को वोटिंग के प्रति जागरूक करने के लिए सभी स्तर पर मुहिम चलाने की जरूरत है। वहीं‚ डीजीपी विनय कुमार ने हिस्ट्रीशीटर‚ कुख्यात अपराधियों और भगोडों समेत अन्य सभी अपराधियों की सूची बनाने का निर्देश दिया।
मतदाता पुनरीक्षण के लिए बीएलओ को दिए गए आठ करोड़ गणना फॉर्म………………
बिहार में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वर्ष 2003 के बाद देश में पहली बार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 25 जून से 26 जुलाई तक जारी है। इस अभियान के तहत पूर्व के मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं को गणना फॉर्म घर-घर जाकर उपलब्ध कराया जाना है। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को हर मतदाताओं तक वितरण के लिए आठ करोड़ गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं।
गुरुवार को निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, सभी जिलों में गणना फॉर्म प्रिंट कराकर बीएलओ को दे दिये गए हैं। इसके आधार पर ही बीएलओ गणना फॉर्म भरवाकर फोटो एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ एकत्र भी कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए जिला स्तर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी को गणना फॉर्म की प्रिंटिंग कराकर उसे बीएलओ के माध्यम से वितरित एवं संग्रह कराने की जिम्मेवारी सौंपी गई है। कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के कंकड़बाग स्थित बूथ संख्या 88 केंद्रीय विद्यालय, कंकड़बाग (पूर्वी भाग) के बीएलओ को वर्ष 2003 की मतदाता सूची उपलब्ध नहीं होने की शिकायत मिलने पर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय ने फोन पर पटना के जिलाधिकारी से जानकारी ली।
उन्होंने सभी बीएलओ को इसे उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद पटना के डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने और रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।







