लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मंगलवार को भोपाल पहुंचे। उनका राजाभोज एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी मध्य प्रदेश कांग्रेस के महत्वाकांक्षी ‘संगठन सृजन अभियान’ की शुरुआत करने के लिए राजधानी पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, विधायक आरिफ मसूद, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, विक्रांत भूरिया सहित कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। राहुल गांधी के आगमन के साथ ही प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। सुबह 11 बजे से ऑब्जर्वर और वरिष्ठ नेताओं के साथ मैराथन बैठकें चल रही हैं, जिनमें संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, समर्पित कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में लाने और भीतरघातियों की पहचान कर कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
इस अभियान के तहत कांग्रेस ने देशभर से 61 वरिष्ठ ऑब्जर्वरों को मध्य प्रदेश में तैनात किया है। इनमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, असम, आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों के सांसद, विधायक और पूर्व मंत्री शामिल हैं। ये सभी नेता राज्य के अलग-अलग जिलों में जाकर संगठन की स्थिति का आकलन करेंगे और मजबूत नेतृत्व को तरजीह देने की दिशा में रिपोर्ट तैयार करेंगे। बता दें कि राहुल गांधी ने इस अभियान की शुरुआत गुजरात से की थी, जहां पार्टी की स्थिति कमजोर मानी जाती है। अब मध्य प्रदेश इस अभियान का दूसरा बड़ा पड़ाव बन गया है।
लाइव ……..
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भोपाल स्थित पीसीसी दफ्तर में कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक ले रहे हैं। इसमें नकुलनाथ को छोड़कर अन्य मेंबर मौजूद हैं।
इससे पहले एयरपोर्ट से पीसीसी दफ्तर के रास्ते में कुछ कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को रोक लिया था। उन्होंने राहुल गांधी के नारे लगाए। मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें हटाकर रास्ता साफ कराया, तब राहुल की गाड़ी आगे बढ़ी। यहां धक्कामुक्की में कुछ कार्यकर्ता सड़क पर गिर भी गए।
राहुल करीब 6 घंटे भोपाल में रहेंगे। वे कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में लगातार तीन बैठकें लेंगे। दोपहर बाद रवीन्द्र भवन में जिलाध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों के अधिवेशन को संबोधित करेंगे। एमपी में राहुल का यह एक दिवसीय दौरा पूरी तरह संगठनात्मक है। पूरा फोकस मौजूदा स्थिति समझकर आगे पार्टी के रिकंस्ट्रक्शन पर रहेगा।
राहुल का यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि 3 दिन पहले यानी 31 मई को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल के जम्बूरी मैदान में महिला महासम्मेलन को संबोधित किया था।
सीएम बोले- दादी को पुष्पांजलि देते हुए जूते नहीं उतारे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी के दौरे पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी को पुष्पांजलि देते हुए जूते नहीं उतारे। ये हमारी संस्कृति के विरुद्ध है। उनको थोड़ा ध्यान रखना चाहिए।







