बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी-अपनी तैयारी तेज कर दी है. एनडीए और महागठबंधन के दिग्गज चेहरे बिहार में लगातार दौरे कर रहे हैं. चुनावी साल में जहां एक ओर राहुल गांधी अभी तक पांच बार बिहार आ चुके हैं. वहीं पीएम मोदी चुनावी साल में बिहार में पहला रोड शो करने वाले हैं. दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार में दो दिवसीय दौरा होने वाला है. इस दौरान पीएम मोदी कई योजनाओं की शुरुआत और लोकार्पण करने के साथ-साथ रोड शो भी करेंगे. चुनावी साल में यह उनका पहला रोड शो होगा.
बता दें, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पहली बार प्रधानमंत्री मोदी पटना पहुंच रहे हैं. 29 मई को पीएम मोदी पटना पहुंचेंगे, जहां एयरपोर्ट से बीजेपी कार्यालय तक उनका रोड शो होगा. इस रोड शो के माध्यम से बीजेपी न सिर्फ पटना बल्कि पूरे बिहार को एक बड़ा मैसेज देने की कोशिश करेगी. बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि पीएम मोदी का यह दौरा एनडीए के लिए बूथ सशक्तिकरण और चुनावी रणनीति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा.
किन-किन इलाकों से होकर गुजरेगा रोड शो
पटना में पीएम मोदी का रोड शो एयरपोर्ट से शेखपुरा मोड़ के रास्ते बेली रोड से गुजरते हुए, पीएम मोदी जेडी विमेंस कॉलेज, राजवंशी नगर हनुमान मंदिर के सामने से होते हुए विश्वेसरैया भवन और हाई कोर्ट के रास्ते इनकम टैक्स गोलंबर पहुंचेंगे. इनकम टैक्स गोलंबर से पीएम मोदी बीजेपी कार्यालय तक जाएंगे. इस दौरान एयरपोर्ट से बीजेपी कार्यालय तक 32 स्थानों पर भव्य स्वागत किया जाएगा. बीजेपी के सभी मोर्चों को रोड शो की सफलता की जिम्मेदारी दी गई है. 29 मई को पीएम मोदी राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे. अगले दिन, 30 मई को, पीएम मोदी बिक्रमगंज में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे.
NDA देगी एकजुटता का संदेश
बता दें, 12 मई 2024 को पीएम ने डाकबंगला चौराहे से उद्योग भवन तक रोड शो किया था, जिसमें भट्टाचार्य मोड़, एसपी वर्मा रोड, और बारी पथ जैसे क्षेत्र शामिल थे. इस बार भी रोड शो का रूट लगभग 4 किलोमीटर लंबा होगा और इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए बीजेपी ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. बिहार दौरे के दौरान पीएम मोदी भाजपा सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों को चुनावी रणनीति से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स भी देंगे. नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जेडीयू और बीजेपी गठबंधन इस आयोजन को एकजुटता का संदेश देने के लिए महत्वपूर्ण मान रही है.






