भारतीय रेलवे की प्रतिष्ठित वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन एक बार फिर असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गई है. बुधवार की शाम बिहार के गया जिले में कस्था रेलवे स्टेशन के पास वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है. इस हमले में ट्रेन के इंजन का एक शीशा क्षतिग्रस्त हो गया. घटना उस समय हुई जब ट्रेन वाराणसी से रांची की ओर जा रही थी. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना बुधवार शाम को हुई, जब वंदे भारत एक्सप्रेस कस्था रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थी. अचानक कुछ असामाजिक तत्वों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके, जिससे इंजन का एक शीशा टूट गया.
इस घटना में सौभाग्य से कोई यात्री घायल नहीं हुआ. लेकिन, ट्रेन के क्षतिग्रस्त होने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई. रेलवे पुलिस ने असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है. आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. रेलवे प्रशासन ने इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है.
भारत की पहली सेमी-हाई स्पीड ट्रेन है वंदे भारत
वंदे भारत एक्सप्रेस, भारत की पहली सेमी-हाई स्पीड ट्रेन, अपनी आधुनिक सुविधाओं और तेज गति के लिए जानी जाती है. यह ट्रेन न केवल यात्रियों को आरामदायक और तेज यात्रा का अनुभव प्रदान करती है, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ पहल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भी है. हालांकि, हाल के दिनों में इस ट्रेन पर पत्थरबाजी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे रेलवे प्रशासन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. इससे पहले भी बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
रेलवे पुलिस ने लोगों से की अपील
रेलवे पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी गतिविधियों में शामिल न हों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करें. रेलवे प्रशासन ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे ट्रैक के आसपास निगरानी बढ़ाई जाएगी और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे. इस घटना ने एक बार फिर रेलवे संपत्ति की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जरूरत को उजागर किया है। रेलवे पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर उनके पास इस घटना से संबंधित कोई जानकारी है, तो वे तुरंत नजदीकी रेलवे स्टेशन या पुलिस से संपर्क करें.
दोषियों की पहचान कर होगी कार्रवाई
पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त व आरपीएफ आईजी अमरेश कुमार ने घटना पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बिहार में वंदे भारत पर पत्थरबाजी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस ट्रेन पर हमले हो चुके हैं। हर बार चेतावनी दी जाती है, जांच की बात होती है।







