प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ सबसे बड़े युद्ध का ऐलान किया। आतंकवाद के खिलाफ नए भारत के, नए संकल्प की, नई नीति की घोषणा की। अब दहशतगर्दों और उनके आकाओं के खिलाफ भारतीय सेनाओं का सुदर्शन चक्र चलेगा। Operation Sindoor के बाद भारत वो पहला देश बन गया जिसने एक Nuclear Power के एयर बेस को तबाह कर दिया। सीमा पार करके आतंकवाद के अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया। Operation Sindoor जारी है। आज से एक नए भारत का उदय होगा। आज से ‘New Normal’ की परिभाषा बदलेगी। अब आतंकवाद का सामना युद्ध के तौर पर किया जाएगा। अब आतंकवाद का सफाया करने के लिए सेना आज़ाद होगी। आतंकवादी पाकिस्तान में जहां भी छुपे होंगे, हमारी फौज उन्हें चुन-चुन कर मारेगी। अब निशाना सांप के फन पर होगा। आतंकवाद का ज़हर निकालने के लिए भारतीय सेना किसी भी हद तक जाएगी। पाकिस्तान का कोई कोना अब आतंकवादियों के लिए सुरक्षित नहीं रहेगा। अब nuclear bomb की धमकी आतंकवादियों के लिए cover का काम नहीं कर पाएगी। आतंकवादियों को ना तो LoC बचा पाएगी, ना International Border उन्हें बचा पाएगा। अब भारतीय सेना हर बाधा और बंधन को पार करके आतंकवादियों का सफाया करेगी। अगर कोई फौज हमारी बहादुर सेना के रास्ते में आएगी, आतंकवादियों को बचाएगी तो उस फौज पर भी आग बरसाई जाएगी। अगर पाकिस्तान एक उधमपुर Airbase पर हमला करेगा तो हमारी Air Force उसके Airbases तबाह करेगी। अगर पाकिस्तान, आतंकवादियों को air defence का cover देगा, तो हमारी फौज ऐसे air defence को तबाह कर देगी। पहलगाम के पापी पाकिस्तान को तीन level पर message दिया गया है – military, political और psychological। अब आतंकवाद की हर घटना पर इसी तरह का action होगा। पाकिस्तान से अब पानी पर बात नहीं होगी, व्यापार पर बात नहीं होगी। ना संबंधों को सामान्य बनाने पर बात होगी। पाकिस्तान से अगर बात होगी तो Pakistan Occupied Kashmir लौटाने पर बात होगी। आतंकवादियों को handover करने पर बात होगी। ये नए भारत का नया संकल्प है। इस संकल्प को पूरा करने में पूरा देश हमारी पराक्रमी सेना के साथ है।







