भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर में मसूद अजहर के परिवार के 14 लोगों के मारे जाने की खबर आ रही है. इसमें मसूद की पत्नी, बेटा और भाई भी शामिल हैं. इसके अलावा भारत का मोस्ट वांटेड आतंकी मसूद अजहर का भाई रऊफ असगर भी मारा गया है.
मारने वालों की लिस्ट में मसूद अज़हर के भाई और भारत के मोस्ट वांटेड आतंकी रऊफ असगर का बेटा हुज़ैफ़ा भी शामिल है. इसके अलावा, रऊफ असगर के भाई की पत्नी की भी मौत की खबर आ रही है.
कौन है मसूद अजहर?
मसूद अजहर जैश-ए-मोहम्मद का संस्थापक और मोस्ट वांटेड आतंकी है. मसूद भारत के लिए सबसे खतरनाक आतंकवादियों में से एक माना जाता है. मसूद अजहर को 1999 में इंडियन एयरलाइंस को हाइजैक करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में उसे बंधकों की रिहाई के बदले छोड़ा गया. इसके बाद से वह पाकिस्तान में छिपकर कई बड़े आतंकी हमलों की साजिश रचता रहा है.
मसूद अजहर के नेतृत्व में जैश-ए-मोहम्मद ने 2001 में भारतीय संसद पर हमला किया, 2000 में जम्मू-कश्मीर विधानसभा पर हमला किया, 2016 में पठानकोट एयरबेस पर हमला किया और 2019 में पुलवामा में आत्मघाती हमला जैसे कई बड़े आतंकी कांड किए.
मसूद के मदरसे पर हमला
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सेना ने मसूद अजहर के आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमला किया, जिसमें बहावलपुर में उसका मदरसा और जैश का मुख्यालय पूरी तरह तबाह हो गया. यह हमला 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का जवाब था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे.
मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 2019 में अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित किया है. वह अफगानिस्तान और पाकिस्तान में आतंकियों को ट्रेनिंग देता रहा है और अपने संगठन का विस्तार करने के लिए नए मदरसे खोलने की योजना बनाता रहा है.
पहलगाम आतंकी हमले का जवाब देते हुए भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिज्बुल मुजाहिद्दीन के ठिकानों को मिसाइल अटैक में ध्वस्त कर दिया. मामले पर सेना के पूर्व अध्यक्ष मनोज नरवणे ने कहा कि पिक्चर अभी बाकी है.
पूर्व सेना प्रमुख ने संकेत दिया कि अगर पाकिस्तान भारत में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर संघर्ष को बढ़ाने का फैसला करता है तो इस तरह के और हमले संभव हैं. जम्मू- कश्मीर के पहलगाम में 26 नागरिकों के क्रूर नरसंहार के बाद एक साहसिक और सुनियोजित जवाबी कार्रवाई में, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तानी इलाके में काफी अंदर तक घुसकर शक्तिशाली सैन्य कार्रवाई की.
मिसाइल अटैक में तबाह हुए आतंक के अड्डे
रात के अंधेरे में अंजाम दिए गए इस ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना ने मिसाइलों से नौ प्रमुख आतंकी ठिकानों पर हमला किया. इन जगहों को आतंकी गतिविधियों का केंद्र माना जाता था. रक्षा मंत्रालय ने ऑपरेशन सिंदूर को पहलगाम आतंकवादी हमले के प्रति एक सटीक और संयमित प्रतिक्रिया बताया. इस हमले में लश्कर-ए-तैयबा के दो बड़े आतंकी भी मारे गए हैं.
रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?
रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक एक्स हैंडल से एक पोस्ट में कहा गया, “महत्वपूर्ण बात यह है कि किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया, जो भारत के सोचे-समझे और गैर-बढ़ावा देने वाले दृष्टिकोण को दर्शाता है. यह ऑपरेशन अनावश्यक उकसावे से बचते हुए अपराधियों को जवाबदेह ठहराने के भारत के संकल्प को रेखांकित करता है.” सीमा पार से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के आतंकवाद विरोधी अभियान को युद्ध कार्रवाई करार दिया और कहा कि इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.







