जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत के कड़े फैसलों ने पाकिस्तान को पस्त कर दिया है. भारत को गीदड़भभकी देने वाले इस देश के नेताओं के अब सुर बदलने लगे हैं. सिंधु जल समझौता स्थगित होने से PAK में खलबली मच गई है.
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने समा टीवी से बात करते हुए कहा, ‘पाकिस्तान न तो संघर्ष चाहता है और न ही वह परमाणु ऊर्जा के उपयोग पर विचार कर रहा है.’ उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तान के पास जो परमाणु क्षमता है वो महत्वपूर्ण रूप से पाकिस्तान के अस्तित्व की गारंटी है.
‘हमारा भारत के साथ युद्ध करने का कोई इरादा नहीं’
ख्वाजा आसिफ ने कहा कि हम इसलिए न्यूक्लियर पावर नहीं हैं कि हम वॉर चाहते हैं. हमने इसलिए परमाणु बम बनाए ताकि हम अपनी संप्रभुता को बकरार रख सकें. उन्होंने आगे कहा कि हमारा भारत के साथ युद्ध करने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन अगर भारत ने हम पर हमला किया तो हम भी पीछे नहीं हटेंगे. पाकिस्तान मुंहतोड़ जवाब देगा.
‘भारत पाकिस्तान के मुख्य शहरों पर हमले की योजना बना रहा’
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक ये कंफर्म है कि भारत पाकिस्तान के कई मुख्य शहरों पर हमले की योजना बना रहा है. ख्वाजा आसिफ ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारत पाकिस्तान के प्रतिबंधित संगठनों जैसे बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी BLA और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान TTP को बम और हथियार मुहैया करा रहा है ताकि पाकिस्तान में अराजकता फैलाई जा सके.
‘पाकिस्तान इस मामले को अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में लेकर जाएगा’
उन्होंने कहा, ‘भारत खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में खून-खराबे का समर्थन कर रहा है. बीएलए और टीटीपी भारत के प्रतिनिधि के रूप में काम कर रहे हैं. उनका लक्ष्य पाकिस्तान के सभी चार प्रांतों में अराजकता फैलाना है.’ पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कनाडा और संयुक्त राज्य अमेरिका की घटनाओं की ओर इशारा करते हुए भारत पर आतंकवाद को प्रायोजित करने का वैश्विक ट्रैक रिकॉर्ड रखने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि गुजरात दंगों में कथित संलिप्तता के कारण भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक बार अमेरिका में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था.
भारत के सिंधु जल समझौता रद्द करने पर ख्वाजा आसिफ ने कहा कि ये बहुत ही खतरनाक है. पाकिस्तान इस मामले को अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में लेकर जाएगा.
पाकिस्तानी रेल मंत्री ने गीदड़भभकी
जम्मू कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आने के बाद पड़ोसी मुल्क बौखला गया है. इस बीच पाकिस्तान के रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने भारत को गीदड़ भभकी देते हुए कहा कि अगर हमारा पानी बंद करेंगे तो जंग के लिए तैयार हो जाएं. हमने गौरी, शाहीन, गजनवी और 130 परमाणु हथियार सिर्फ हिंदुस्तान के लिए रखे हैं. इनका रुख हिंदुस्तान की तरफ है.
भारत ने तेज तर्रार एक्शन लेते हुए सिंधु जल संधि को खत्म करने का फैसला लिया. इस वजह से पाकिस्तान की ओर जाने वाला पानी रोक दिया गया है. इसके अलावा पाकिस्तानी उच्चायुक्त से कई अधिकारियों को जाने का आदेश दे दिया गया है. इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी अपना एयरस्पेस भारत के लिए बंद कर दिया है और शिमला एग्रीमेंट को रद्द कर दिया है.
पाकिस्तान के रेल मंत्री हनीफ अब्बासी का ऐलान
जम्मू-कश्मीर के बैसरन घाटी में 22 अप्रैल 2025 को हुए भीषण आतंकी हमले के बाद, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटक मारे गए थे. इस घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है. इस बीच पाकिस्तान ने युद्ध जैसी तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिससे क्षेत्रीय अस्थिरता की आशंका बढ़ गई है. पाकिस्तान के रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने ऐलान किया है कि देश के सभी रेलवे स्टेशनों को पाकिस्तानी सशस्त्र बलों के अधीन कर दिया गया है. इस कदम का उद्देश्य सैन्य उपकरणों और हथियारों के तेजी से परिवहन को सुनिश्चित करना है, ताकि संभावित युद्ध की स्थिति में फौजी तैयारियों में कोई देरी न हो.
पाकिस्तान रेलवे अब सेना के नियंत्रण में
पाकिस्तानी रेल मंत्री हनीफ अब्बासी के अनुसार सभी रेलवे स्टेशनों पर सैनिक डेस्क स्थापित कर दिए गए हैं. पूरा लॉजिस्टिक सिस्टम अब सशस्त्र बलों के नियंत्रण में है.टैंक, भारी हथियार और अन्य सैन्य उपकरण अब सीधे रेलवे के माध्यम से आवश्यकता अनुसार स्थानांतरित किए जा सकते हैं. अब्बासी ने कहा, “हमारे अधिकारी पूरी तरह से तैयार हैं और आवश्यकता पड़ने पर सेना के निर्देशानुसार कार्य करेंगे.”







