पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. इसी बीच हाल ही में भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने कई सफल एंटी-शिप मिसाइल फायरिंग की है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसके बारे में जानकारी देते हुए भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने कहा, “जहाजों ने लंबी दूरी के सटीक आक्रामक हमले के लिए प्लेटफॉर्म, सिस्टम और चालक दल की तत्परता को पुनः प्रमाणित करने और प्रदर्शित करने के लिए कई सफल एंटी-शिप फायरिंग की. भारतीय नौसेना किसी भी समय, कहीं भी, किसी भी तरह से राष्ट्र के समुद्री हितों की रक्षा करने के लिए युद्ध के लिए तैयार, विश्वसनीय और भविष्य के लिए तैयार है.”
यह जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर आया है, जिसमें 26 लोग मारे गए थे, जिसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है. इससे पहले, भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सूरत ने अरब सागर में मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल (एमआर-एसएएम) वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली का सफल परीक्षण किया था.
यह परीक्षण अरब सागर में पाकिस्तानी नौसेना द्वारा निर्धारित सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल के परीक्षण से पहले हुआ है. एमआर-एसएएम सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों और अन्य हवाई लक्ष्यों के खिलाफ अत्यधिक प्रभावी हैं. भारतीय नौसेना ने एक्स पर लिखा, “भारतीय नौसेना के नवीनतम स्वदेशी निर्देशित मिसाइल विध्वंसक आईएनएस सूरत ने समुद्र में लक्ष्य को सफलतापूर्वक निशाना बनाया, जो हमारी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में एक और मील का पत्थर है.”
पूरी तरह तैयार है इंडियन नेवी
एंटी-शिप फायरिंग के वीडियो शेयर करते हुए यह भी लिखा गया कि भारतीय नौसेना किसी भी समय, कहीं भी, किसी भी तरह से राष्ट्र के समुद्री हितों की रक्षा करने के लिए युद्ध के लिए तैयार है। भारतीय नौसेना भरोसेमंद है और भविष्य में किसी भी तरह की चुनौती से निपटने के लिए तैयार है। भारतीय नौसेना के जिन जहाजों ने एंटी शिप फायरिंगह का अभ्यास किया है, वे सभी जहाज अरब सागर में तैनात हैं। भारत के गुजरात और पाकिस्तान के कराची की सीमा अरब सागर से ही लगती है।
भारतीय नौसेना ने 26 अप्रैल को अपने आधिकारिक मीडिया अकाउंट पर समुद्र में एक साथ गश्त करते चार युद्धपोतों की तस्वीर साझा की. इस तस्वीर के साथ एक स्पष्ट संदेश दिया गया कि भारतीय नौसेना किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हर समय तैयार है. पोस्ट में लिखा गया, “एकता में शक्ति; उद्देश्यपूर्ण उपस्थिति” और साथ ही #MissionReady और #AnytimeAnywhereAnyhow जैसे हैशटैग का भी उपयोग किया गया.
PoK में आर्मी का बड़ा मूवमेंट, ताबड़तोड़ गुजर रहे ट्रक
भारत के रुख को देखकर पाकिस्तान आर्मी टेंशन में आ गई है. पड़ोसी देश की ओर से बॉर्डर पर जवानों को जुटाया जा रहा है. पीओके के मुजफ्फराबाद में पािकस्तान सेना का बड़ा मूवमेंट देखा गया है. खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के हवाले से यह खबर सामने आई है. लोअर नीलम वैली हाईवे पर सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना तक ट्रकों की मूवमेंट बढ़ गई है. भारतीय सेना की नजर से बचने के लिए सिविल ट्रक में हो रही है ज्यादातर मूवमेंट. मुजफ्फराबाद से फॉरवर्ड बेस के लिेए भेजे जा रहे हैं पाक सैनिक.







