यूपीआई में एक बार फिर से समस्या आई है। इससे शनिवार को लोगों को पेमेंट करने में परेशानी हुई। डाउन डिटेक्टर के अनुसार, सुबह 11:26 बजे से यूपीआई में दिक्कतें शुरू हुईं। सबसे ज्यादा परेशानी 11:41 बजे हुई। तब 222 से ज्यादा लोगों ने पेमेंट में दिक्कत की शिकायत की। पेटीएम और गूगल पे जैसे प्लेटफॉर्म पर भी पेमेंट करने में परेशानी हुई। पिछले एक साल में यह यूपीआई के डाउन होने का छठा मामला है।
आउटेज को ट्रैक करने वाली पॉपुलर वेबसाइट डाउनडिटेक्टर की तरफ से भी UPI Down की पुष्टि की गई। दोपहर 12.30 मिनट तक 1800 से ज्यादा यूजर्स ने Google Pay, PhonePe, Paytm, SBI के डिजिटल लेने देने की सर्विस बंद होने की शिकायत की। फिलहाल अभी NPCI की तरफ से इस आउटेज के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है।
आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब यूपीआई यूजर्स को आउटेज का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले भी कई बार इस तरह की समस्याएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में 26 मार्च को भी UPI Down हुआ था। हालांकि उस समय NPCI की तरफ से कुछ समय में ही इस समस्या को सॉल्व कर लिया गया था।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कई लोगों ने लिखा कि उन्हें पेटीएम और गूगल पे जैसे ऐप पर पेमेंट करने में परेशानी हो रही है। एक यूजर ने कहा, ‘UPI आज फिर डाउन है, सारे पेमेंट फेल हो रहे हैं। अगर पहले से पता होता कि UPI काम नहीं करेगा तो अच्छा होता।’
अभी तक नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने इस बारे में कुछ नहीं कहा है। यह भी नहीं बताया गया है कि दिक्कत कब ठीक होगी। पिछले एक साल में यह छठी बार है जब UPI में इतनी बड़ी खराबी आई है।
UPI एक ऐसा सिस्टम है जिससे आप तुरंत पैसे भेज और पा सकते हैं। जब यह काम नहीं करता है तो लोगों को बहुत परेशानी होती है। एनपीसीआई ने इसे विकसित किया है। इसके ऑपरेशन और रखरखाव की जिम्मेदारी उसी पर है।







