बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल आरजेडी विधायक रीतलाल यादव के ठिकानों पर एसटीएफ और पटना पुलिस छापेमारी करने पहुंची है. बताया जा रहा है कि पटना पुलिस और एसटीएफ की टीम विधायक रीतलाल यादव के कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के दानापुर विधायक रीतलाल यादव के कई ठिकानों पर एसटीएफ और पटना पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया.
यह कार्रवाई सिटी एसपी पश्चिमी आर एस सरथ और दानापुर एएसपी भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में की जा रही है. छापेमारी में भारी संख्या में बिहार पुलिस और एसटीएफ के जवानों की तैनाती की गई है. सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी दानापुर के कोथवा स्थित रीतलाल यादव के आवास के साथ-साथ अभियंता नगर स्थित उनके अन्य ठिकानों पर भी की जा रही है.
मौके पर कई थानों की पुलिस, एसडीपीओ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं और तलाशी अभियान चला रहे हैं. सिटी एसपी पश्चिमी आर एस सरथ ने बताया कि एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था, जिस पर न्यायालय से आदेश मिलने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी फिलहाल जारी है और पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है.
वहीं पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर राजद विधायक रीतलाल यादव ने कहा कि बेवजह परेशान किया जा रहा है. आरजेडी विधायक ने पुलिस पर आरोप लगाया कि महिलाओं को भी बेवजह परेशान किया जा रहा है. पुलिस के पास कोई सर्च वारंट नहीं है. विधायक रीत लाल यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक दुर्भावना से पुलिस छापेमारी कर रही है.







