बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में सभी पार्टी जुट गई है। प्रदेश स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक अलग-अलग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय जनता दल आगामी 14 अप्रैल को पूरे बिहार में पंचायत स्तर पर भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती एक वैचारिक आंदोलन के रूप में मनाएगी।
पार्टी ने इसे जनजागरण अभियान का नाम दिया गया है। राजद ने सभी जिला अध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों और नगरों में पंचायतों और वार्डों में अंबेडकर जयंती की तैयारी करें।
केंद्र सरकार आंबेडकरवादी सोच को कर रही कमजोर
राजद नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव पूरी तरह से बाबासाहेब के विचारों और उनके सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के साथ खड़े हैं। यह जयंती केवल एक श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि उनके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। राजद ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह संविधान विरोधी गतिविधियों के जरिए अंबेडकरवादी सोच को कमजोर कर रही है। साथ ही बिहार की डबल इंजन सरकार जेडीयू-भाजपा गठबंधन भी इसमें शामिल है।

हर घर तक पहुंचे अंबेडकर का संदेश
राजद ने आह्वान किया है कि अंबेडकर जयंती के मौके पर प्रत्येक पंचायत और वार्ड में कार्यक्रम आयोजित कर बाबासाहेब के विचारों को घर-घर तक पहुंचाया जाए। पार्टी इसे जनसंवाद और सामाजिक चेतना का एक महत्वपूर्ण अवसर मान रही है। इसके तहत गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले जाकर लोगों को बाबासाहेब के विचारों से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
भाजपा भी बड़े पैमाने पर मनाएगी जयंती
15 अप्रैल को मिलर हाई स्कूल मे बड़े पैमाने पर भाजपा अंबेडकर जयंती मनाएगी। कार्यक्रम मे 20 हजार से ज्यादा अनुसूचित समाज के लोगों को लाने की है तैयारी। अंबेडकर के सहारे अनुसूचित समाज के वोटरों को साधने की तैयारी है। 14 अप्रैल को जिला स्तरीय अंबेडकर जयंती भाजपा मनाएगी। कल 10 अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व अनुसूचित मोर्चा के बिहार प्रभारी कार्यक्रम को लेकर बिहार आयेंगे।
पार्टी मुख्यालय पर कल 10 बजे से होगी कार्यक्रम को लेकर कार्यशाला राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग,प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी,विजय सिन्हा सहित कई नेता शामिल होंगे। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर आयोजन किया जाएगा।






