सोमवार को भारी गिरावट के बाद आज बाजार तेजी के साथ खुला। मंगलवार को सेंसेक्स 1175.90 की बढ़त के साथ 74,313.80 अंक पर खुला। वहीं निफ्टी में भी तेजी आई। यह 390 अंक से ज्यादा के साथ 22,446.75 पर खुला। इससे पहले सोमवार को मार्केट में सेंसेक्स 2226.79 अंकों की गिरावट के साथ 73137.90 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 900 अंकों से ज्यादा की गिरावट आई थी। लेकिन मंगलवार को आई तेजी ने निवेशकों के डर को काफी हद तक दूर किया।
-
11 बजे शेयर मार्केट
सुबह 11 बजे बीएसई सेंसेक्स 743.19 अंक यानी 1.02% की तेजी के साथ 73,881.09 अंक पर ट्रेड कर रहा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 243.75 अंक यानी 1.10% तेजी के साथ 22,405.35 अंक पर था। -
10.30 बजे शेयर बाजार
सुबह 10.30 बजे बीएसई सेंसेक्स 766.74 अंक यानी 1.05% के साथ 73,904.64 अंक पर ट्रेड कर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 264.05 अंक यानी 1.19% तेजी के साथ 22,425.65 अंक पर था। -
BEL share price: बीईएल में 5 फीसदी तेजी
सरकारी कंपनी बीईएल के शेयरों में शुरुआती कारोबार में 5% तेजी आई है। कंपनी को डिफेंस मिनिस्ट्री से 2,210 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। बीएसई पर कंपनी का शेयर 5.3% तेजी के साथ 287.85 रुपये पर पहुंच गया। कंपनी को एयर फोर्स के Mi-17V5 हेलीकॉप्टर्स के लिए एडवास्ंड इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर की सप्लाई का ऑर्डर मिला है। -
Adani Ports share price: अडानी पोर्ट्स का शेयर 4% उछला
अडानी पोर्ट्स के शेयरों में शुरुआती कारोबार करीब 4% तेजी आई। कंपनी ने कोलंबो वेस्ट इंटरनेशनल टर्मिनल पर ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इस प्रोजेक्ट पर 2022 में काम शुरू हुआ था। इस प्रोजेक्ट को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत विकसित किया जा रहा है। इसमें अडानी पोर्ट्स के साथ-साथ श्रीलंका की John Keells Holdings PLC और Sri Lanka Ports Authority शामिल है। -
किन शेयरों में आई तेजी
निफ्टी के शेयरों में Titan, Adani Ports, Bajaj Finserv, Tata Steel, Axis Bank और Tata Motors में 3 से 5 फीसदी तेजी है। दूसरी ओर देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस के शेयर गिरावट के साथ खुले। -
Titan Share Price: टाइटन का शेयर 6.6% उछला
टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन का शेयर शुरुआती कारोबार में 6.6% की तेजी के साथ 3,222 रुपये पर पहुंच गया। चौथी तिमाही में कंपनी की ग्रोथ में 25% इजाफा हुआ है। सभी सेगमेंट्स में कंपनी ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस दौरान कंपनी ने 72 नए स्टोर जोड़े और उसके स्टोर्स की कुल संख्या 3,312 हो गई है। -
रुपये में गिरावट
शुरुआती कारोबार में रुपये में गिरावट आई है। डॉलर के मुकाबले रुपया 16 पैसे कमजोर होकर 85.92 पर आ गया। -
तेल भी उछला
इस बीच कच्चे तेल की कीमत में भी मंगलवार को करीब 1 फीसदी तेजी आई। हाल में अमेरिकी टैरिफ से जुड़ी चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमत में काफी गिरावट आई थी। माना जा रहा है कि मंदी के कारण तेल की मांग प्रभावित हो सकती है। -
सोने की कीमत
सोमवार को सोना चार हफ्ते के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया था लेकिन मंगलवार को इसमें तेजी आई है। अमेरिका और उसके अहम ट्रेड पार्टनर्स के बीच तनाव बढ़ने की आशंका से सोने की मांग बढ़ी है। -
एशियाई बाजारों में तेजी
एशियाई बाजारों में सोमवार को भारी गिरावट रही थी लेकिन आज मामला उलट गया। अमेरिकी बाजारों में तेजी का असर एशियाई बाजारों पर भी दिखा। शुरुआती कारोबार में जापान के निक्केई में करीब 6 फीसदी तेजी रही। ऑस्ट्रेलिया के बाजारों में भी तेजी का माहौल दिख रहा है। -
शेयर बाजार में लौटी रौनक
सोमवार की गिरावट के बाद मंगलवार को शेयर मार्केट में तेजी आई है। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1200 अंक तेजी के साथ ट्रेड कर रहा है। निफ्टी में भी 300 अंक से ज्यादा तेजी आई है। टाटा ग्रुप के कई शेयरों में 5 फीसदी से ज्यादा तेजी आई है। सोमवार को टाटा ग्रुप की कंपनियों को 1.49 लाख करोड़ रुपये का झटका लगा था।







