महाकुंभ के 45 दिनों के महाआयोजन के समापन पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ प्रयागराज पहुंचे हैं। आस्था के उमड़े सैलाब के बाद उन्होंने सफाई अभियान का नेतृत्व किया। सीएम योगी ने संगम घाट पर सफाई की। दोनों डिप्टी सीएम भी उनके साथ मौजूद रहे। प्रदेश के कई सीनियर मंत्री और अफसर इस वक्त प्रयागराज में मौजूद हैं। सीएम योगी ने पूरे घाटों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केपी मौर्य और कैबिनेट के अन्य मंत्रियों ने प्रयागराज के अरैल घाट पर गंगा की पूजा की।
सीएम योगी ने इस अवसर पर अपने संबोधन में महाकुंभ के आयोजन से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों को धन्यवाद दिया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टीम भावना से काम हो तो परिणाम भी अच्छे आते हैं। उन्होंने प्रयागराज मेला प्राधिकरण और कर्मचारियों-अधिकारियों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आयोजन में लगे सभी लोगों बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहा कि 66.30 करोड़ लोग महाकुंभ में शामिल हुए।
सीएम योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव संगम पहुंचे। योगी और दोनों डिप्टी सीएम ने अरैल घाट पर झाड़ू लगाई। सभी ने गंगा के कूड़ा-कचरा निकाला। गंगा की पूजा की। योगी ने गंगा पंडाल में सफाईकर्मियों और स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया। फिर सफाईकर्मियों के साथ जमीन पर बैठकर खाना खाया।
योगी ने सफाई और स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया। कहा- प्रयागराज से जुड़े स्वच्छता कर्मियों को अतिरिक्त 10 हजार रुपए का बोनस देंगे। प्रदेश के स्वच्छता कर्मियों को जो 8 से 11 हजार रुपए महीने के मिलते थे, अब इसे अप्रैल से बढ़ाकर कम से कम 16 हजार करेंगे। साथ ही सभी सफाई कर्मचारियों को आयुष्मान योजना से जोड़ेंगे।
योगी और मंत्रियों के कार्यक्रम को देखते हुए कई रास्तों पर पुलिस ने आज भी बैरिकेडिंग कर रखी है। गाड़ियों को मेला क्षेत्र के पास बनी पार्किंग में रोका जा रहा है।
बुधवार को महाशिवरात्रि पर महाकुंभ का अंतिम स्नान था। इस दौरान 1.53 करोड़ ने डुबकी लगाई। वहीं, पूरे महाकुंभ आयोजन के दौरान रिकॉर्ड 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। ये आंकड़ा अमेरिका की आबादी (करीब 34 करोड़) से दोगुना है।
संगम में डुबकी लगाने वालों की यह संख्या 193 देशों की जनसंख्या से ज्यादा है। सिर्फ भारत और चीन की आबादी महाकुंभ आए श्रद्धालुओं से ज्यादा है। योगी सरकार ने दावा किया कि दुनिया में हिंदुओं की आधी आबादी के बराबर लोग यहां आए हैं।
सीएम योगी के कार्यक्रम की लिस्ट
- सीएम योगी लखनऊ से सुबह 11.30 बजे प्रयागराज पहुंचे और शाम 7 बजे प्रयागराज से रवाना होंगे।
- प्रयागराज में सीएम योगी, नाविकों, UPSRTS चालकों से संवाद करेंगे।
- हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे।
- डिजिटल मीडिया सेंटर में मीडियाकर्मियों से संवाद कार्यक्रम करेंगे।
- महाकुंभ में तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद कार्यक्रम करेंगे।
- प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से संवाद करेंगे।







