बिहार में मानसून की बेरुखी के बीच मौसम विभाग ने राहत और चेतावनी दोनों जारी की है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए एक नए अवदाब (लो प्रेशर एरिया) की वजह से राज्य के मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज यानी सोमवार को राजधानी पटना समेत राज्य के 20 जिलों में आंधी-तूफान, मेघ गर्जन और वज्रपात (बिजली गिरने) की पूरी संभावना है। रविवार को भी पटना और दूसरे इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम में यह बदलाव इस हफ्ते जारी रह सकता है।
मौसम का मिजाज बदला
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी की ओर बने हालिया निम्न वायुदाब की गतिविधियों के कारण बिहार में मानसून को दोबारा रफ्तार मिलने की उम्मीद है। इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में पुरवा हवा का प्रवाह बढ़ा है। इसके चलते रविवार को भी पटना और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद अचानक घने बादल छा गए और करीब पांच मिनट तक झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सिस्टम के कारण चालू सप्ताह के दौरान बारिश की स्थिति में आंशिक रूप से सुधार देखने को मिलेगा।
भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने दक्षिण और पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। राज्य के तीन प्रमुख जिलों- औरंगाबाद, रोहतास और भभुआ में सोमवार को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के प्रशासन और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और जलजमाव की स्थिति पैदा होने की भी आशंका है। बक्सर में तेज बारिश हुई। पटना, कटिहार समेत कई शहरों में बादल छाए हैं। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के अलावा राज्य के 26 जिलों के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी ट्रफ बिहार समेत पूर्वी भारत में नमी पहुंचा रही है। इसी वजह से मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है और अगले कई दिनों तक बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी। विशेषज्ञों का कहना है कि इस सिस्टम के प्रभाव से बिहार में गरज-चमक और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।
इन 17 जिलों में सावधानी की जरूरत
मौसम विभाग ने पटना सहित 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की अपील की है। इन जिलों में मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने का गंभीर खतरा बना हुआ है।
- मध्य और दक्षिण बिहार: पटना, गयाजी, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, अरवल, शेखपुरा, लखीसराय और जमुई
- पूर्वी बिहार: भागलपुर, बांका, मुंगेर और कटिहार
- शाहाबाद क्षेत्र: भोजपुर, बक्सर, भभुआ और रोहतास
55% तक पहुंची बारिश की कमी
भले ही इस नए अवदाब से बारिश की उम्मीद जगी हो, लेकिन मौजूदा आंकड़े चिंताजनक हैं। इस साल मानसून के समय पर सक्रिय न होने या दगा देने के कारण पूरे बिहार में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य भर में अब तक सामान्य से 55% कम बारिश दर्ज की गई है। कृषि कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं, ऐसे में सोमवार से शुरू हो रहा बारिश का यह नया दौर किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम
पटना में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने के साथ एक या दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।







