बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना सोमवार को जारी हो जाएगी। इसी के साथ जिले में आदर्श आचार संहिता और नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रत्याशी समाहरणालय स्थित पटना सदर अनुमंडल कार्यालय के दूसरे तल पर भूमि सुधार उप समाहर्ता के न्यायालय कक्ष में किया जाएगा।
अभ्यर्थी 13 जुलाई तक सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन करा सकते हैं। 14 को आवेदन की जांच की जाएगी, बल्कि 16 जुलाई तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पटना सदर के भूमि सुधार उपसमाहर्ता राघवेंद्र प्रताप सिंह को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है।
सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
डीएम कुंदन कुमार ने नामांकन अवधि में समाहरणालय स्थित नामांकन स्थल पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी व जवानों की प्रतिनियुक्ति कर दी। ये सुनिश्चित करेंगे कि नामांकन करने आने वाले अभ्यर्थी तीन से अधिक वाहन परिसर में नहीं ले जा सकेंगे।
साथ ही नामांकन कक्ष में अभ्यर्थी के साथ अधिकतम पांच लोग ही जा सकेंगे। कोई अपने साथ लाइसेंसी हथियार भी नहीं ले जा सकेगा। प्रत्याशी के अंगरक्षक भी सौ मीटर के दायरे के बाहर रहेंगे। पूरी नामांकन प्रक्रिया की वीडियो रिकार्डिंग कराई जाएगी।
गांधी मैदान थानेदार वारंटियों के नामों की सूची के साथ मौजूद रहेंगे, ताकि यदि कोई वांछित अपराधी नामांकन स्थल पर आता है तो वह नामांकन कक्ष में प्रवेश नहीं कर सके। डीएसपी नगर व्यवस्था शिवानंद सिंह को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।






