बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की धमक के साथ पिछड़ों, दलितों और शोषितों के नेता कर्पूरी ठाकुर का नाम तारणहार बनता दिख रहा है। अब जहां कहीं भी और जिस कार्यक्रम में भाजपा नेता जा रहे हैं उनके भाषणों में कर्पूरी ठाकुर का व्यक्तित्व और कृतित्व आने लगा है। पिछली बार लोकसभा चुनाव के ऐन मौके पर पिछड़ों,दलितों और शोषितों के नेता कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दे कर चुनावी जंग को अपने पक्ष में करने को एक हद तक कामयाब भी हुई। और अब एक बार फिर बिहार विधानसभा चुनाव की बाजी के बीच दो मुद्दे बहुत महत्वपूर्ण हो चले हैं। पहला विकास और दूसरे कर्पूरी ठाकुर। यानी एक तरह से बीजेपी अपने KT यानी कर्पूरी ठाकुर के नाम वाले प्लान को एक्टिव कर चुकी है।
100वी जयंती ,कर्पूरी ठाकुर और बीजेपी
हमेशा चुनावी मोड में रहने वाली भारतीय जनता पार्टी किसी भी मौके पर राजनीतिक लाभ लेने के मौके नहीं छोड़ती। इस बार भी कर्पूरी ठाकुर की विशेष यानी 101वीं जयंती पर भाजपा नेताओं ने जम कर कर्पूरी ठाकुर के कृतित्व का गुणगान किया। जानिए किन नेताओं ने क्या क्या कह एक खास वर्ग को भाजपा की तरफ आकर्षित करने का काम किया।
बीजेपी ने किया कर्पूरी का गुणगान
- राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते कर्पूरी ठाकुर ने बिना भेदभाव किए हर वर्ग के युवाओं को सरकारी नौकरी दी। उन्होंने राजद नेता लालू प्रसाद का नाम लिए बिना कटाक्ष किया कि कुछ लोग नौकरी के बदले जमीन अपने नाम पर लिखवा लेते थे।
- विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर शोषितों पीड़ितों की आवाज थे। उन्होंने जिक्र किया कि जब बीआईटी मेसरा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करते थे तो हॉस्टल के 101 नंबर कमरा में रहते थे। कर्पूरी इस कमरे में आए थे। उनकी 101 वीं जयंती पर उनके लिए यह यादगार है।
- सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने अतिपिछड़ों को अलग से आरक्षण दिलाया। पिछड़ों, दलितों, शोषित-पीड़ितों को उन्होंने हक दिलाया।
- पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कर्पूरी ठाकुर को सामाजिक योद्धा बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देकर दलित, शोषित और पिछड़ा वर्ग को सम्मानित किया।
विकास के मुद्दे पर बोले विजय सिन्हा
विजय सिन्हा ने कहा कि कहा कि डबल इंजन की सरकार में राज्य के अंदर तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। साल 2028 तक बिहार के किसी भी कोने से लोग पटना साढ़े 3 घंटे के अंदर पहुंच जाएंगे। अभी 5 घंटे में लोग पटना पहुंच जाते हैं।
जननायक कर्पूरी ठाकुर के बिना पूरी नहीं हो सकती…..
जननायक कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जयंती शुक्रवार को मनाई गई। राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने समारोह आयोजित कर श्रद्धा से याद किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 6 स्थानों पर उनकी प्रतिमा और तस्वीर पर फूल चढ़ाए। सबसे पहले मुख्यमंत्री बिहार विधानमंडल परिसर के राजकीय समारोह में पहुंचे। इसके बाद कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय गए। फिर जदयू कार्यालय पहुंचे। वे कर्पूरी ग्राम (समस्तीपुर) के कार्यक्रम में शामिल हुए।
गोखुल-कर्पूरी-फुलेश्वरी महाविद्यालय तथा प्रभावती रामदुलारी इंटर विद्यालय के परिसर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय, महेश्वर हजारी, लेशी सिंह, शीला कुमारी, जनक राम, वरीय नेता अनिल कुमार, संजय कुमार, अरविंद कुमार सिंह, शिवशंकर निषाद आदि ने भी श्रद्धांजलि दी। जदयू कार्यालय में कर्पूरी ठाकुर जयंती समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचार एवं आदर्शों को जमीन पर उतारने में जुटे हैं। मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, मनीष कुमार वर्मा, श्याम रजक, मंत्री सुनील कुमार, लेसी सिंह, शीला मंडल, मदन सहनी आदि ने भी संबोधित किया। संचालन रमेश ठाकुर और धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महासचिव डॉ. धर्मेंद्र चंद्रवंशी ने किया। मंत्री विजय कुमार चौधरी, सुमित कुमार सिंह, ललन कुमार सर्राफ, संजय कुमार, भगवान सिंह कुशवाहा, संजय सिंह, प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी, छोटू सिंह आदि ने भी कर्पूरी ठाकुर को नमन किया।
पिछड़ों के कल्याण के लिए जीवन समर्पित कर दिया
प्रदेश भाजपा कार्यालय में ओबीसी मोर्चा ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जयंती मनाई। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलराम मंडल ने कहा कि जननायक ने राजनीति में कार्य करने की दिशा बदली। मौके पर मंत्री प्रेम कुमार, सांसद भीम सिंह, मंत्री हरि सहनी, संजीव चौरसिया, भीखू भाई दलसानिया, निखिल आनंद, साहब कुमार साह, मुकेश पटेल, आजाद गांधी, अनामिका पासवान, जेपी चंद्रवंशी, रमेश चौहान, सुनील चौरसिया आदि मौजूद रहे। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने प्रदेश कार्यालय में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। जयंती समारोह की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर सांसद डॉ. मीसा भारती, डॉ. रामचन्द्र पूर्वे, विजय कृष्ण, अरुण कुमार, बएजाज अहमद, सारिका पासवान ने भी माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
हम (से.) के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ ने जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती 12 एम स्ट्रैंड रोड, पटना में मनाई।
अध्यक्षता प्रो. राधेश्याम प्रसाद एवं संचालन डॉ. अनिल कुमार ने की। इस मौके पर पार्टी के संरक्षक सह केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि लोकप्रियता के कारण कर्पूरी ठाकुर को जननायक कहा जाता है। विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने भी जननायक को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। जननायक कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जयंती पर जन सुराज ने मिलर स्कूल ग्राउंड में समारोह किया। इसमें प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पिछड़ा समाज के 70 लोगों को टिकट देगी।
श्रद्धांजलि दी
बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग में आयोजित जयंती समारोह में अध्यक्ष डॉ. अमरदीप ने कहा-उनका पूरा जीवन वंचितों, पीड़ितों, शोषितों के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनैतिक उत्थान को समर्पित था। बिंद-बेलदार विकास एवं सामाजिक सेवा संस्थान और फिशरमैन चैरिटेबल फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा भी जयंती समारोह मनाया गया।







