दिव्य, भव्य और डिजिटल महाकुंभ में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आस्था की डुबकी लगाएंगे। रक्षामंत्री शनिवार को प्रयागराज आ रहे हैं। वे संगम स्नान करेंगे। साथ ही अक्षयवट, पातालपुरी, सरस्वती कूप दर्शन के बाद हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे।
इसके बाद एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अंदावा जाएंगे। रक्षा मंत्री रात में प्रयागराज में ठहरेंगे। वे अफसरों के साथ मीटिंग कर सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी स्नान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंथन करेंगे। रक्षा मंत्री प्रयागराज शहर और महाकुंभ में कई घंटे बिताएंगे।
ये है रक्षामंत्री का कार्यक्रम रक्षामंत्री सुबह 11.40 बजे बमरौली एयरपोर्ट आएंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से 12.10 बजे डीपीएस हेलिपैड पर आएंगे। इसके बाद महाकुंभ मेला सर्किट हाउस आएंगे। पांच मिनट आरक्षित समय है। सड़क मार्ग से संगम पर 12.35 बजे पहुंचेंगे। यहां स्नान करेंगे।
गंगा पूजा करेंगे। डिजिटल कुंभ प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। मंदिरों में दर्शन के लिए जाएंगे। इसके बाद डीपीएस आएंगे। यहां से 1.25 बजे हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलिपैड आएंगे। 1.45 बजे यहां आएंगे और 1.50 बजे सर्किट हाउस आएंगे। इसके बाद यहीं रहेंगे। रात में एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर रात प्रयागराज सर्किट हाउस में ठहरेंगे। वहीं, नगर विकास मंत्री एके शर्मा भी महाकुंभ की समीक्षा के लिए प्रयागराज आएंगे।
भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत महाकुंभ पहुंचे और संगम में डुबकी लगाई। वह 4 दिन यहां रहेंगे। सीएम योगी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि महाकुंभ में बहुत अच्छी व्यवस्था की है।
इससे पहले भाजपा सांसद रवि किशन भी आज महाकुंभ पहुंचे। उन्होंने पूजा-अर्चना कर संगम में डुबकी लगाई। नाव पर बैठकर सैर भी की। उन्होंने कहा अखिलेश यादव को भी यहां आकर स्नान करना चाहिए। जिससे उन्हें सनातन संस्कृति की बेहतर समझ मिल सके।
योगी सरकार ने राष्ट्रीय पुलिस अकादमी को लेटर लिख कर कहा कि आईपीएस की ट्रेनिंग ले रहे अफसर महाकुंभ आएं और क्राउड मैनेजमेंट सीखें। वहीं, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी महाकुंभ में आएंगे। संगम में स्नान कर साधु-संतों से आशीर्वाद लेंगे।
महाकुंभ में मोनालिसा नामक एक लड़की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वह माला बेचती है। श्रद्धालु उसके साथ सेल्फी लेने की रिक्वेस्ट करते नजर आ रहे हैं।
वहीं, आध्यात्मिक गुरु स्वामी कैलाशानंद गिरि ने कहा- दिवंगत पूर्व एपल सीईओ स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन पॉवेल जॉब्स शुद्ध शाकाहारी हैं। वह लहसुन-प्याज नहीं खातीं।
कल (शनिवार को) सीएम योगी के आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया है। वहीं राजनाथ सिंह आएंगे। अनुमान है, मौनी अमावस्या पर 8-10 करोड़ श्रद्धालु स्नान करने आएंगे।
महाकुंभ का आज पांचवां दिन है। आज अब तक 19 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया है। इस तरह महाकुंभ में अब तक कुल 7 करोड़ लोग संगम स्नान कर चुके हैं।







