शेयर बाजार ने लगातार निराश करना जारी रखा है। सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का बेंचमार्क सेंसेक्स 450.94 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 78,248.13 के लेवल पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का इंडेक्स निफ्टी 50 भी 168.5 अंक फिसलकर कारोबार के आखिर में 23,644.90 के लेवल पर बंद हुआ। पीटीआई की खबर के मुताबिक, विदेशी फंडों की निरंतर निकासी, वैश्विक बाजारों में कमजोर रुझान और ब्लू-चिप शेयरों में बिकवाली के बीच 30 ब्लू-चिप कंपनियों में टाटा मोटर्स, टाइटन, टाटा स्टील, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति, एचडीएफसी बैंक और इंफोसिस सबसे ज्यादा पिछड़े। जोमैटो, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और इंडसइंड बैंक लाभ में रहे।
एफआईआई की बिकवाली है जारी
खबर के मुताबिक, एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,323.29 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। एशियाई बाजारों में, सियोल, टोक्यो और हांगकांग में गिरावट रही, जबकि शंघाई में तेजी रही। यूरोपीय बाजारों में गिरावट रही। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार नकारात्मक दायरे में बंद हुए। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.05 प्रतिशत गिरकर 74.13 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।






