संसद के शीतकालीन सत्र का गुरूवार को 19वां दिन है। बाबा साहेब अंबेडकर के अपमान को लेकर विवाद जारी है। विपक्षी सांसदों ने संसद के बाहर विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी नीले कपड़े पहनकर पहुंचे।
लोकसभा-राज्यसभा में भी गृहमंत्री अमित शाह के अंबेडकर वाले बयान पर हंगामा हुआ। जिसके बाद दोनों सदन की कार्यवाही आज दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
सदन में अंबेडकर विवाद पर लगातार दूसरे दिन हंगामा हो रहा है। 18 दिसंबर को भी विपक्षी सांसदों ने सदन में जय भीम के नारे लगाए थे। कांग्रेस की मांग है कि गृह मंत्री माफी मांगे।
राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि विपक्ष के नेता अमित शाह के बयान की सिर्फ 10-12 सेकेंड की वीडियो क्लिप दिखाकर देश को गुमराह कर रहे और विवाद खड़ा कर रहे हैं।
संसद में सीढ़ियों से गिरे भाजपा सांसद प्रताप सारंगी
ओडिशा के बालासोर से भाजपा सांसद प्रताप सिंह सारंगी संसद की सीढ़ियों से गिर गए। उनके सिर पर चोट लग गई और उन्हें व्हीलचेयर पर बिठाकर ट्रीटमेंट के लिए ले जाया गया।
सारंगी ने आरोप लगाया कि वे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की धक्कामुक्की की वजह से गिरे थे। उन्होंने कहा कि राहुल ने किसी सांसद को धक्का दिया। वह सांसद उनके ऊपर गिर गया, जिससे उन्हें चोट लगी।
इधर राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा सांसदों ने उन्हें धमकाया है और संसद के मेन गेट मकर द्वार पर उनके जमावड़े की वजह से उन्हें संसद के अंदर जाने में भी परेशानी हुई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा सांसदों ने राहुल और प्रियंका के साथ धक्कामुक्की की। इस बीच राज्यसभा और लोकसभा दोनों ही सदन दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिए गए हैं।
राहुल गांधी ने आरोपी पर दिया जवाब
खुद पर लगे आरोपों पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि जब मैं सदन में जा रहा था तो बीजेपी सांसद हमें रोक रहे थे। उन्होंने कहा कि सदन में जाना मेरा अधिकार है लेकिन बीजेपी सांसद हमें अंदर जाने से रोक रहे थे।
राहुल गांधी आज नीली टी-शर्ट पहनकर संसद पहुंचे
राज्यसभा में बाबासाहेब अंबेडकर पर की गई टिप्पणी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने और इस्तीफे की मांग करते हुए INDIA ब्लॉक आज बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च करेगा।
प्रियंका गांधी बोलीं- शाह के मन में अंबेडकर के लिए सम्मान नहीं
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, जिस तरह से उन्होंने (गृह मंत्री अमित शाह) बाबासाहेब का अपमान किया है। यह एक ऐसी मानसिकता है जो बाबा साहेब की मूर्ति को तोड़ती है। उन पर कौन भरोसा करेगा? वे कहते हैं कि वे आरक्षण खत्म नहीं करना चाहते, वे संविधान नहीं बदलना चाहते। उनके मन में बुनियादी सम्मान नहीं है, वे (बाबासाहेब अंबेडकर) संविधान निर्माता हैं। आप उनके बारे में ऐसा कह रहे हैं।”
राज्यसभा की कार्यवाही भी दो बजे तक स्थगित
संसद भवन में प्रदर्शन और धक्का मुक्की के बीच राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। दोनों पक्षों के सांसद एक-दूसरे पर संविधान का अपमान करने के आरोप लगा रहे हैं। अब दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर दो बजे शुरू होगी। हालांकि, दोपहर में संसद में चर्चा होने के आसार बेहद कम दिख रहे हैं।
लोकसभा दोपहर दो बजे तक स्थगित
बाबा साहेब अंबेडकर को लेकर अमित शाह के बयान पर संसद में जमकर हंगामा हो रहा है। गुरुवार के दिन लोकसभा की कार्यवाही पूर्व सांसद ई.वी.के.एस. एलंगोवन को श्रद्धांजलि देने के बाद दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
विपक्षी सांसदों का विरोध मार्च
इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने संसद परिसर में बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष विरोध मार्च निकाला। वे राज्यसभा में बाबासाहेब अंबेडकर पर की गई टिप्पणी के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने और इस्तीफा देने की मांग करते हुए मकर द्वार तक मार्च करेंगे।







