सारण लोकसभा से BJP प्रत्याशी राजीव प्रताप रूडी ने गुरुवार को नामांकन किया। इसके बाद छपरा के राजेंद्र स्टेडियम में ‘जन आशीर्वाद सभा’ का आयोजन किया गया। मंच पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बिहार भाजपा के बड़े नेताओं के साथ ही राजद प्रमुख लालू यादव के समधी चंद्रिका राय भी मौजूद थे। बड़ी बात यह रही कि चंद्रिका राय खुद राजीव प्रताप रूडी से 2019 के लोकसभा चुनाव में हार चुके हैं।
भाजपा प्रत्याशी के साथ मंच पर बैठने का मौका चंद्रिका राय ने नहीं गंवाया। जनसभा को संबोधित करने का मौका मिला तो उन्होंने लालू परिवार पर जमकर निशाना साधा। 3 मिनट के भाषण में चंद्रिका राय ने रोहिणी और मीसा भारती को बाहरी उम्मीदवार बताया।
चंद्रिका राय के बाद भाजपा प्रत्याशी व सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी सभा को संबोधित करने आए। उन्होंने रोहिणी आचार्य के बाहरी होने का मुद्दा उठाया। साथ ही बिना नाम लिए चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय के मामले को लेकर लालू परिवार पर हमला किया।

सबसे पहले जानिए, चंद्रिका राय क्या बोले
सभा को संबोधित करते हुए चंद्रिका राय ने कहा कि सारण लोकसभा में यह लड़ाई बाहरी और भीतरी लोगों के बीच है। राजीव प्रताप स्थानीय उम्मीदवार हैं। जबकि रोहिणी आचार्य विदेशी उम्मीदवार हैं। लालू यादव राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्हें सभी जगह जाना चाहिए, लेकिन पिछले 15 दिनों से सिर्फ सारण में कैंप किए हुए हैं। यह उनके परिवारवाद का परिचायक है।
उन्होंने आगे कहा कि मैं आपसे कहना चाहता हूं कि ये लोग सारण और पाटलिपुत्र में अपने आपको बेटी-बहू कह रहे हैं। जबकि पाटलिपुत्र स्थित ससुराल में कभी नहीं गए हैं। ये दोनों लोग (रोहिणी-मीसा) सिर्फ लालू और राबड़ी की बेटी हैं। यह परिवारवाद का नमूना है।

रूडी ने बिना नाम लिए ऐश्वर्या का दिया हवाला
राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि चंद्रिका राय और बिना नाम लिए उनकी बेटी ऐश्वर्या राय का जिक्र किया। उन्होंने राजद प्रत्याशी रोहिणी आचार्य के नामांकन के दौरान दिया गया चुनावी हलफनामा भी दिखाया। कहा कि इनका पता दीघा, पटना है और वह खुद को सारण की बेटी बताती हैं। जबकि मंच पर मौजूद चंद्रिका राय जी की बेटी, असल में छपरा की बेटी हैं। उनके साथ आप लोगों ने क्या किया।
रूडी ने कहा कि किसी की बेटी के बारे में बोलना भाजपा कार्यकर्ताओं के संस्कार में नहीं है। लेकिन यह बातें करते हुए मुझे बहुत तकलीफ हो रही है। क्योंकि ये लोग लगातार मेरे बारे में, सम्राट चौधरी के बारे में बोल रहे हैं। तरह-तरह के आरोप लगा रहे हैं।
चंद्रिका राय को जानिए, 5 साल पहले रूडी से चुनाव हारे थे
बता दें कि चंद्रिका राय पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय के बेटे और लालू प्रसाद यादव के समधी हैं। चन्द्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय की शादी 12 मई 2018 को तेज प्रताप यादव से हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही तेज प्रताप यादव ने पटना के फैमिली कोर्ट में तलाक लेने संबंधी आवेदन लगा दिया था। फिर कई बार हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ।
ऐश्वर्या ने कहा था कि सास राबड़ी देवी ने दहेज के लिए काफी अत्याचार कर रही है। ननद ताना मारती थी। ऐश्वर्या ने राबड़ी देवी, मीसा भारती और तेज प्रताप के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दर्ज किया था। यह विवाद अब भी चल रहा है।
इस विवाद के बीच ही 2019 के लोकसभा चुनाव में चंद्रिका राय राजद के टिकट पर राजीव प्रताप रूडी के खिलाफ उतरे थे। लेकिन 1.38 लाख वोटों से हार गए थे। इसके बाद साल 2020 में विधानसभा चुनावों से पहले वो जदयू में शामिल हो गए थे।
चंद्रिका राय 2020 विधानसभा चुनाव में जदयू के टिकट से परसा सीट से चुनाव लड़े लेकिन इस बार राजद के छोटे लाल राय से हार गए। परसा से ही उन्होंने 1985 में पहली बार विधायक का चुनाव जीते थे। 1990 में लालू प्रसाद की पार्टी में शामिल हुए थे। फिर 1990, 1995, 2000, 2005 और 2015 में परसा से जीत हासिल की। 2005 के उपचुनाव और 2010 के चुनाव में चंद्रिका राय को जदयू के छोटे लाल राय ने हरा दिया था, लेकिन 2015 में फिर से जीत गए थे। अब करीब साढ़े तीन साल बाद वो पहली बार सार्वजनिक मंच से NDA के समर्थित उम्मीदवार के लिए वोट मांग रहे हैं।







