लोकसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण के प्रचार का शोर आज थम जाएगा। दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 13 राज्यों की 89 सीटों पर वोटिंग होगी। प्रधानमंत्री आज छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में चुनावी सभाएं कर रहे हैं । राहुल गांधी महाराष्ट्र में प्रचार करेंगे जबकि गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी केरल में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रचार करेंगे पीएम मोदी
उधर प्रधानमंत्री आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में धुआंधार चुनाव प्रचार करने वाले हैं। पीएम मोदी आज सुबह छत्तीसगढ़ के सरगुजा में रैली को संबोधित करने के बाद मध्य प्रदेश के सागर में दोपहर पौने 3 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।
भोपाल में पीएम मोदी करेंगे रोड शो
वहीं शाम सवा 5 बजे पीएम बैतूल से सियासी हुंकार भरेंगे। पीएम मोदी आज पुराने भोपाल में रोड शो भी करेंगे। पीएम मोदी का ये रोड शो शाम 7 बजे पुरानी विधानसभा के सामने से शुरू होगा और रोशनपुरा चौराहे से होता हुआ अपेक्स बैंक पॉइंट के पास ख़त्म होगा।
दूसरी तरफ, तीसरे चरण के मतदान के लिए नाम वापसी की तारीख बीतने के बाद कुल उम्मीदवारों की तस्वीर भी साफ हो गई है. तीसरे चरण के तहत 7 मई को 12 राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों की 95 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे.
1351 प्रत्याशी 95 सीटों पर ठोकेंगे ताल
तीसरे चरण में इन 95 सीटों के लिए कुल 1351 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. चुनाव आयोग के मुताबिक, तीसरे चरण के मतदान के लिए कुल 2963 नॉमिनेशन फॉर्म जमा हुए थे. इनकी जांच के बाद सिर्फ 1563 ऑर्म ही सही पाए गए. इनमें से 212 ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके बाद 1351 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं.
दूसरे चरण में किस राज्य की किन-किन सीटों पर मतदान
त्रिपुरा: त्रिपुरा पूर्व
जम्मू-कश्मीर: जम्मू लोकसभा
पश्चिम बंगाल: दार्जिलिंग, रायगंज और बालूरघाट
असम: दर्रांग-उदालगुरी, डिफू, करीमगंज, सिलचर और नौगांव
बिहार: किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका
छत्तीसगढ़: राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर
मध्य प्रदेश: टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा और होशंगाबाद
महाराष्ट्र: बुलढाणा, अकोला, अमरावती, वर्धा, यवतमाल- वाशिम, हिंगोली, नांदेड़ और परभणी
उत्तर प्रदेश: अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा
राजस्थान: टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालोर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारा
कर्नाटक: उडुपी-चिकमगलूर, हासन, दक्षिण कन्नड़, चित्रदुर्ग, तुमकुर, मांड्या, मैसूर, चामराजनगर, बेंगलुरु ग्रामीण, बेंगलुरु उत्तर, बेंगलुरु केंद्रीय, बेंगलुरु दक्षिण,चिकबल्लापुर और कोलार
केरल: कासरगोड, कन्नूर, वडकरा, वायनाड, कोझिकोड, मलप्पुरम, पोन्नानी, पलक्कड़, अलाथुर, त्रिशूर, चलाकुडी, एर्णाकुलम, इडुक्की, कोट्टायम, अलाप्पुझा, मवेलिक्कारा, पथानमथिट्टा, कोल्लम, अट्टिंगल और तिरुअनंतपुरम
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के चुनावी प्रचार का आज अंतिम दिन है। बिहार के पांच लोकसभा सीटों पर प्रचार के आखिरी दिन सभी दल अपना पूरा दम लगाने की कोशिश करेंगे। इसके बाद शाम छह बजे प्रचार-प्रसार थम जाएगा। दूसरे चरण में प्रदेश के पांच सीट किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और बांका में 26 अप्रैल को वोटिंग होगी।
निर्वाचन विभाग के मुताबिक, आचार संहिता देखते हुए वोटिंग के 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार को रोका जाना अनिवार्य होता है। जिन विधानसभा सीट पर शाम 6 बजे तक मतदान कराए जाएंगे। उन विधानसभा सीटों पर आज शाम 6 बजे तक चुनावी प्रचार किया जा सकेगा।
जिन क्षेत्रों में शाम 4 बजे तक मतदान का समय तय है। वहां शाम 4 बजे तक रैली, रोड शो के साथ चुनावी प्रचार खत्म हो जाएगा। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा। नतीजे 4 जून को आएंगे।







