गर्मी की मार रहे लोगों को देश के अधिकतर हिस्सों में राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार देश के अधिकतर हिस्से में मौसम सामान्य रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 45 के पार जा सकता है। समुद्र तट से जुड़े कुछ इलाकों और बेंगलुरू में बारिश होने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन अधिकतर हिस्सों में गर्मी खूब सताने वाली है।
उत्तर और मध्य भारत के राज्यों की बात करें तो सिर्फ मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में बारिश के आसार हैं। अन्य सभी जगहों पर गर्मी की मार झेलनी पड़ेगी।
इन राज्यों में खूब सता रही गर्मी
20 अप्रैल को ओडिशा का बरीपेड़ा देश का सबसे गर्म इलाका रहा। यहां का तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिम बंगाल के बांकुरा में तापमान 44.6 डिग्री रहा। झारखंड के दौलतगंज में 43.6 और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 43 डिग्री सेल्सियस रहा। 20 अप्रैल को चार राज्यों के 16 शहरों में पारा 43 डिग्री के पहुंचा। इसमें सबसे ज्यादा सात राज्य ओडिशा के थे। पश्चिम बंगाल के चार शहरों का तापमान 43 डिग्री से ज्यादा रहा। आने वाले दिनों में भी उत्तर और मध्य भारत के अधिकतर इलाकों में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं। धुल भरी गर्म हवाओं के साथ तेज धूप रह सकती है और दिन में तापमान 40 डिग्री के पार रहने की संभावना है।
बिहार में पिछले तीन-चार दिनों से गर्म पछुआ हवा चल रही है। इससे अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और लोग गर्मी महसूस कर रहे हैं। मौसम विभाग ने 21 से 24 अप्रैल तक पटना, शेखपुरा, जमुई, भोजपुर, औरंगाबाद, बांका, नवादा और नालंदा जिले में लू का अलर्ट किया गया है। पटना में पहली बार लू चलने को लेकर चेतावनी दी गई है।
18 जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार
शनिवार को पटना समेत बिहार के 18 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। इसमें शेखपुरा सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।इसके अलावा औरंगाबाद का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री, जमुई और नवादा का 43.2 डिग्री, गया का 43 डिग्री, पटना का 42.2 डिग्री, भोजपुर का 42.7 डिग्री, बांका का 42.2 डिग्री, रोहतास का 42.6 डिग्री, खगड़िया का 42.5 डिग्री, मधुबनी का 42 डिग्री, नालंदा का 41.9 डिग्री, वाल्मीकि नगर का 41.4 डिग्री, मोतिहारी और बेगूसराय का 41. 2 डिग्री, सीतामढ़ी का 40.4 डिग्री, छपरा का 40.3 डिग्री और समस्तीपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना के आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज पटना में पहली बार लू चलने को लेकर चेतावनी दी है। दिन के समय 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चलेगी। अधिकतम तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गर्मी से बढ़े मरीज, अलर्ट पर अस्पताल और डॉक्टर
गर्मी से बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी परेशान हैं। अस्पतालों में गर्मी में होने वाली बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ गई है। विभिन्न अस्पतालों को मिलाकर प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पतालों को अलर्ट किया गया है कि लू या हीट स्ट्रोक के मरीज आएं तो उनका इलाज तुरंत हो।
सिविल सर्जन डॉ. मिथलेश्वर कुमार ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकीय व्यवस्था दुरुस्त रखी गई है। सभी सरकारी अस्पताल में एक कोल्ड रूम रखना है, जहां एसी या कूलर की व्यवस्था की गई है। मेडिकल टीम को अलर्ट रहना है। एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही सभी जरूरी दवाओं का स्टॉक किया गया है। ओआरएस और आईवी फ्लूइड तो हर हाल में रखना है।
पीएमसीएच के वरीय फिजिशियन डॉ. बीके चौधरी और आईजीआईएमएस के वरीय फिजिशियन डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि अभी मरीज डिहाइड्रेशन, बुखार, डायरिया, उल्टी, अपच, खुजली, चक्कर आने, सिर-पेट दर्द आदि की शिकायत लेकर आ रहे हैं।







