बिहार , दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों में आज ठंड एवं कोहरे से बुरा हाल रहा, जिससे ट्रेन और हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ. इस दौरान दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कई यात्री घंटों तक अपनी फ्लाइट के अंदर ही फंसे रहे, क्योंकि कतार में लगे दूसरे विमान खराब मौसम के कारण उड़ान भरने में असमर्थ थे.
वहीँ बिहार में पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, वहीं अब ठंड ने लोगों को परेशान कर दिया है. अब लोगों को ठंड से सावधान रहने की जरूरत है. बता दें कि हिमालय से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है और ठंड में भारी बढ़ोतरी हुई है. राजधानी समेत प्रदेश भर में कोहरे के असर से लोग कड़ाके की ठंड से कांपने लगे हैं. वहीं, क्षोभमंडल के नीचे पछुआ के प्रभाव से 12 दिनों के बाद शुक्रवार को पटना समेत राज्य के मौसम में बदलाव हुआ. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट के कारण शीतलहर और कोल्ड डे जैसे हालात पैदा हो गए हैं. शुक्रवार को पटना समेत 20 शहरों में शीतलहर और कोल्ड डे जैसे हालात रहे. मकर संक्रांति के बाद ठंड से राहत मिलने की संभावना है, जबकि पटना समेत 24 शहरों के न्यूनतम तापमान और पटना समेत 16 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी.
आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद कई फ्लाइट्स रनवे पर कतार में खड़ी हो गईं, क्योंकि इन फ्लाइट्स के लिए पार्किंग की कोई जगह उपलब्ध नहीं थी. वहीं प्रस्थान के लिए निर्धारित हवाई जहाज घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण उड़ान भरने में असमर्थ थें. ऐसे में फ्लाइट के लैंड करने के बावजूद करीब 2 घंटों तक यात्रा उससे उतर नहीं पाए.
कई शहरों में विमानों की आवाजाही प्रभावित
इस बीच अकासा एयर ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स पर एक अपडेट पोस्ट करते हुए बताया कि खराब मौसम के कारण दिल्ली, चेन्नई, वाराणसी, बागडोगरा और लखनऊ में उनका उड़ान कार्यक्रम प्रभावित हुआ है. एयरलाइन ने लिखा, ‘हमारी टीमें सभी ग्राहकों की सहायता के लिए लगातार काम कर रही हैं. कृपया एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति देख लें.’
बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया. शहर में घना कोहरा छाया रहा, इस दौरान दिल्ली सहित उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, IGIA- दिल्ली के पालम में आज सुबह 5:00 बजे से घने कोहरे के बीच शून्य दृश्यता दर्ज की गई.
इस बीच, रविवार सुबह दिल्ली में लैंड करने वाली कम से कम 9 उड़ानों को जयपुर और मुंबई की ओर मोड़ दिया गया. इस बीच, दिल्ली आने वाली 22 ट्रेनों के परिचालन में भी देरी हुई.
रविवार के कोहरे को इस सीजन का सबसे खराब स्तर का कोहरा बताया गया है. इस सर्दी में पहली बार अमृतसर से डिब्रूगढ़ तक गंगानगर, पटियाला, अंबाला, चंडीगढ़, पालम, सफदरजंग, बरेली, लखनऊ, बरहराइच, वाराणसी, प्रयागराज और असम के तेजपुर में शून्य दृश्यता दर्ज की गई है. पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी घना कोहरा छाया रहा.
बिहार में ठंडी हवा से कंपकंपी जम्मू से भी ज्यादा गया में ठंड
आपको बता दें कि गया शहर 4.9 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में इस सीजन का सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गया जम्मू शहर से अधिक ठंडा रहा. जम्मू का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री गिरकर 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री गिरकर 15.4 डिग्री सेल्सियस के साथ शीतलहर की स्थिति में रहा. बता दें कि सुबह अररिया और पूर्णिया में काफी घना कोहरा छाया रहा जबकि पटना समेत अन्य जिलों में घना कोहरा छाया रहा.
वहीं आपको बता दें कि उत्तरी हिस्सों में बहुत घने कोहरे और ठंडे दिनों को लेकर चेतावनी जारी की गई है, जबकि पटना समेत अन्य हिस्सों में कोहरे के साथ-साथ घने कोहरे का भी असर रहेगा. साथ ही शुक्रवार को पटना और आसपास के इलाकों में कोहरे और ठंडी हवा के कारण लोग अपने घरों में ही दुबके रहे. दोपहर में हल्की धूप के बावजूद ठंड से राहत नहीं मिली और कनकनी से लोग काफी परेशान रहे.
इन शहरों में सबसे ज्यादा ठंड
वहीं आपको बता दें कि बिहार की राजधानी पटना सहित बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, बेगूसराय और खगड़िया में शीतलहर का प्रभाव रहा. वहीं गोपालगंज, सिवान, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही.
राजधानी पटना के न्यूनतम तापमान में भी 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को पटना का न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस था और शनिवार को 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य का औसत अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कोल्ड वेव का यहां पर अलर्ट
वैशाली, समस्तीपुर, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी और प.चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में कोल्ड डे का येलो अलर्ट है।
पटना, भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, बांका, जमुई, लखीसराय, बेगूसराय, शेखपुरा, नवादा, गया, जहानाबाद, अरवल, भोजपुर, औरंगाबाद, रोहतास, बक्सर और कैमूर में कोल्ड वेव को लेकर येलो अलर्ट है।

17 और 18 जनवरी को बारिश के आसार
रविवार और सोमवार को भी राज्य के कुछ जिलों में यानी कोल्ड डे रहेगा। अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में परिवर्तन नहीं होगा। इसके बाद अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान बढ़ेगा। 17 व 18 जनवरी को पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद और दक्षिण पूर्व बिहार के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में हल्की बारिश होगी।
ट्रेनें 16 घंटे तक लेट चल रहीं
कोल्ड डे और कोहरे का असर ट्रेन के पहियों पर भी पड़ा है। मगध एक्सप्रेस, राजधानी तेजस, सम्पूर्ण क्रांति, पूर्वा सुपर फास्ट, गरीब रथ, दुरंतो, हिमगिरि, ब्रह्मपुत्रा, विक्रमशीला, महानंदा समेत अधिकतर ट्रेनें 13- 13 घंटे और 16-16 घंटे लेट चल रही हैं। तेजस राजधानी एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस और संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस की टाइमिंग में रविवार के दिन भी सुधार नहीं हुआ है। यह ट्रेनें आज भी काफी लेट चल रही हैं।
ये फ्लाइट्स लेट
- दिल्ली से पटना आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट SG-8721 आज 4 घंटे लेट आएगी। सुबह 10:20 की जगह दोपहर 2:20 बजे आने की संभावना है।
- दिल्ली से ही पटना आने वाली इंडिगो की 6E-2373 आज 2 घंटे 05 मिनट लेट हो गई है। सुबह 11:20 की जगह दोपहर 1:25 बजे आने की संभावना है।
- अहमदाबाद से आने वाली इंडिगो की 6E- 921 आज 30 मिनट लेट हो गई है। अपने निर्धारित समय 12:50 की जगह दोपहर 1:20 बजे आने की संभावना है।
- हैदराबाद से आने वाली स्पाइस जेट की SG- 322 आज 3 घंटे 30 मिनट लेट हो गई है। 3:05 की जगह शाम 4:35 बजे आने की संभावना है।

राजधानी में पारा गिरने से ठंड बढ़ी
पटना के अधिकतम और न्यूनतम तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई। शनिवार को प्रदेश के शहरों में अधिकतम तापमान में 6.5 डिग्री और न्यूनतम में 2.3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान की गिरावट किशनगंज में दर्ज की गई है। पटना के न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री और अधिकतम में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 7.1 और अधिकतम 13.8 डिग्री रहा।
कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी
पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में 13 जनवरी से 16 जनवरी तक आठवीं तक के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई थी। वहीं, शनिवार को जमुई, बक्सर और रोहतास में भी 16 तक आठवीं तक के निजी और सरकारी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। ऊपर के क्लास का टाइम टेबल भी बदला गया है। कक्षाएं 10 से 3.30 बजे तक लगेंगी।







