बिहार के चर्चित IAS केके पाठक की इस्तीफे खबर सभी जगह है। इससे पहले वो लंबी छुट्टी पर स्वास्थ्य कारणों से गए हैं। केके पाठक के इस्तीफे की खबर जंगल की आग की तरह मीडिया में फैल गई। इससे जुड़ा केके पाठक का एक पत्र वायरल हो गया। इस चिट्ठी में लिखा हुआ है कि ‘अधोहस्ताक्षरी, मैं के. के. पाठक, भा. प्र. से. (1990), सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार पटना के अधिसूचना संख्या-1/पी-1004/2021/सा०प्र०-590, दिनांक-9.1.2024 के आलोक में आज दिनांक 9.1.2024 के अपराह्न में अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग, बिहार पटना के पद का प्रभार स्वतः परित्याग करता हूं।’ इसके बाद चिट्ठी के नीचे केके पाठक की साइन है।
केके पाठक ने विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र लिखकर इसकी सूचना दी है. केके पाठक ने सरकार को भेजे गए अपने त्याग पत्र में लिखा है कि स्वेच्छा से एसीएस पद से परित्याग करता हूं.
केके पाठक के शिक्षा विभाग के एसीएस के इस्तीफे की अभी सरकार की तरफ से स्वीकृति नहीं दी गई है. केके पाठक की गिनती बिहार के कड़क और काबिल अफसरों में होती है. इससे पहले वो बिहार सरकार के कई विभागों में काम कर चुके हैं. केके पाठक द्वारा किए गए सुधारों को लेकर उनकी आलोचना भी होती रही है.
केके पाठक के ‘पद परित्याग’ को कुछ लोगों ने इस्तीफा समझ लिया। इस लेटर की प्रतिलिपि को शिक्षा विभाग के निदेशक प्रशासन सुबोध कुमार ने राज्य सरकार के सारे प्रमुख पदाधिकारियों को भेजा है। बस, यहीं शुरू हुई केके पाठक के इस्तीफ की खबर।
दरअसल, के.के. पाठक ने अपने पद परित्याग के पत्र में दो बार बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना संख्या-1/पी-1004/2021/सा.प्र.-590 , दिनांक 09.01.2024 का जिक्र किया है। जिसमें केके पाठक कह रहे हैं कि इस अधिसूचना के आलोक में वे पद का स्वतः परित्याग कर रहे हैं।
16 जनवरी को फिर करेंगे जॉइन
नियम के मुताबिक बिहार सरकार ने अफसरों के कामकाज के लिए के संहिता (गाइडलाइन) बना रखी है। उसकी अनुसूची संख्या-53 के तहत किसी अहम पोस्ट पर तैनात अफसर को लंबी छुट्टी पर जाने से पहले फॉर्म नंबर 202 भरना होता है।
इसमें वे छुट्टी की अवधि तक के लिए अपने पद का परित्याग (छोड़ना) करते हैं। केके पाठक उसी नियम के तहत पद परित्याग का फॉर्म भर कर छुट्टी पर गए हैं। ऐसे में जब केके पाठक 16 जनवरी के बाद छुट्टी से वापस लौटेंगे तो फिर से पद संभालने का प्रपत्र (लेटर) भरेंगे।
वहीं, इस माह 13 जनवरी को पटना के गांधी मैदान में सीएम नीतीश बीपीएससी से दूसरे चरण में चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटेंगे. इसको लेकर बड़े स्तर पर तैयारी भी चल रही है. पूरे बिहार में 13 जनवरी को बीपीएससी से अनुशंसित एक लाख 10 हजार शिक्षकों को एक दिन में नियुक्ति पत्र दिया जाएगा. पटना के गांधी मैदान में 25 हजार शिक्षकों को सीएम नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र देंगे. अभी तक के जानकारी के अनुसार इस समारोह में केके पाठक मौजूद नहीं रहेंगे.







