नए साल ने दस्तक दे दी है दुनिया भर में जश्न का माहौल शुरू हो चुका है। कहीं धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना हो रही है तो कहीं, लोग पार्टी करते हुए नाचते-गाते नए साल का स्वागत कर रहे हैं। पीएम मोदी से लेकर और राहुल गांधी समेत विभिन्न राजनीतिक-सामाजिक हस्तियों ने नए साल की शुभकामनाएं दी हैं। भारत में नए साल के इस जश्न की झलकियां सोशल मीडिया पर वायरल है। आइए देखते हैं कि भारतवासी कैसे कर रहे हैं नए साल का स्वागत। देशभर के राज्यों के अलग-अलग जगहों पर जश्न का माहौल है. एक-दूसरे को नए साल की बधाई देने का लोगों के बीच तांता लगा हुआ है. सभी धार्मिक स्थलों पर लोग पूजा-अर्चना और दर्शन करने पहुंच रहे हैं. इसी कड़ी में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में लाल चौक पर भी लोगों ने नए साल का जश्न धूमधाम से मनाया है. दिल्ली, गोवा, मुंबई, लखनऊ, अयोध्या, नोएडा, भोपाल से लेकर बेंगलुरु तक नया साल धूमधाम से मनाया जा रहा है.
जम्मू-कश्मीर में तो इस वक्त जबरदस्त कड़ाके की ठंड पड़ रही है. कई जगहों पर तापमान शून्य के नीचे पहुंच गया है. इसके बावजूद भी स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक लाल चौक पर स्थित घंटा घर पहुंचे. जहां 2023 की आखिरी शाम से जश्न शुरू हुआ और रात के 12 बजे तक चलता रहा. लोगों ने धूमधड़ाके से नए साल का स्वागत किया. कई लोगों ने कहा कि यह पहली बार है कि हम किसी सार्वजनिक स्थान पर नए साल की पार्टी कर रहे हैं. पहले भी ऐसी पार्टियां होती थीं. लेकिन वह केवल एक वर्ग तक ही सीमित थीं. होटलों के बंद दरवाजे के अंदर पार्टियां होती थीं.
लोगों ने लाल चौक पर बज रहे गानों पर खूब डांस किया. कई लोगों ने कहा कि कुछ साल पहले जम्मू-कश्मीर में ऐसे सार्वजनिक जगहों पर पार्टी करने की कोई सोच भी नहीं सकता था. लेकिन अब चीजें बदल गई हैं. वहीं गोवा में भी खूब धूमधाम से नए साल का जश्न मनाया गया. यहां देश-विदेश से पर्यटक पहुंचे हुए थे. 2023 के आखिरी सूर्यास्त की एक झलक पाने के लिए पर्यटक रविवार शाम को समुद्र तटीय इलाकों में आना शुरू हो गए थे. गोवा पुलिस ने भी समुद्र तटों और तटीय क्षेत्रों तरफ जाने वाली सड़कों पर खास व्यवस्था की थी.
अमृतसर स्वर्ण मंदिर मंदिर में प्रार्थना
अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में भी श्रद्धालु आस्था और प्रार्थना के साथ नए साल का स्वागत करते दिखे। शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल अपनी पत्नी सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ स्वर्ण मंदिर पहुंचे और नए साल की शुरुआत करते हुए पूजा-अर्चना की। सुखबीर बादल ने कहा- “हम यहां दरबार साहिब में प्रार्थना करने आए हैं कि नया साल सभी के लिए खुशियों का साल बने। देश और पंजाब का विकास हो।”
मंदिरों में दिखी भीड़
साल के आखिरी दिन बड़ी संख्या में भक्तों ने पथानामथिट्टा में सबरीमाला श्री धर्म संस्था मंदिर में दर्शन किए। महाराष्ट्र के शिरडी में स्थित शिरडी साईं बाबा मंदिर में भी साल के आखिरी दिन पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ देखी गई। कटरा में श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के पवित्र गुफा मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। महाराष्ट्र के शिरडी में स्थित शिरडी साईं बाबा मंदिर में भी साल के आखिरी दिन पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ देखी गई।
गंगा-सरयू में पहला स्नान
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में साल की पहली गंगा आरती की गई और लोगों ने पवित्र नदी में डूबकी लगाई है। इसके अलावा नए साल 2024 की पहली सुबह लोगों ने हर की पौड़ी पर गंगा नदी में पवित्र डुबकी लगाई। अयोध्या के सरयू नदी में भी नए साल की सुबह भक्तों द्वारा नदी में स्नान किया गया है।
उत्तराखंड व नैनीताल में जश्न
उत्तराखंड के नैनीताल, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा समेत देश के विभिन्न शहरों में लोगों ने नए साल 2024 की शुरुआत नाच-गा कर जश्न मनाकर की है।







