उत्तराखंड के देहरादून में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट 2023 हो रहा है। इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे हैं। ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट 2023 को पीएम मोदी ने संबोधित किया। समिट को संबोधित करते हुए पीएम ने देश के अमीरों को एक सलाह दी है। उन्होंने कहा कि “मैं देश के धन्ना सेठ, अमीरों से कहना चाहता हूं कि जब भगवान जोड़ियां बनाते हैं, तो आप लोग भगवान के चरणों आने के बजाय बाहर विदेश में जाकर क्यों शादी करते हो।”
“नेचर और कल्चर दोनों से दुनिया का परिचय”
पीएम मोदी ने आगे कहा, “उत्तराखंड को डबल इंजन सरकार का फायदा कैसे मिल रहा है इसका एक उदाहरण टूरिज्म सेक्टर भी है। आज भारत को देखने के लिए भारतीयों और विदेशियों दोनों में अभूतपूर्व उत्साह मिल रहा है। हम पूरे देश में थीम बेस्ड टूरिज्म सर्किट तैयार कर रहे हैं। कोशिश ये है कि भारत के नेचर और कल्चर दोनों से दुनिया का परिचय कराया जाए। इस अभियान में उत्तराखंड सशक्त राज्य बनकर उभरने वाला है। यहां नेचर, कल्चर, हेरिटेज सबकुछ है। यहां योग, आयुर्वेद एडवंचर स्पॉट आदि हर प्रकार की संभावना है। उन्हीं को अवसर देना सभी की प्राथमिकता जरूर होनी चाहिए।
इसके बाद पीएम ने कहा कि मैं एक और बाद कहूंगा यहां जो लोग आए हैं उन्हें अच्छा लगे या बुरा लगे, लेकिन यहां कुछ लोग ऐसे हैं जिनके माध्यम से उनतक मुझे ये बात पहुंचानी है। खास करके देश के धन्ना सेठों को कहना चाहता हूं।
अमीरों को देश में शादी करने की सलाह
पीएम ने आगे कहा, “मैं देश के धन्ना सेठ, अमीरों से कहना चाहता हूं, मिलेनियर व बिलेनियर से कहना चाहता हूं कि हमारे माना जाता है कि भगवान जोड़ियां बनाते हैं। अब मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि जब भगवान जोड़ियां बनाते हैं, तो जोड़ा भगवान के चरणों में आने के बजाय बाहर विदेश में जाकर क्यों शादी करते हैं। देश के युवाओं को वेड इन इंडिया (Wed in India) मूवमेंट चलाना चाहिए। ये हमारे यहां आजकल फैशन हो गई है। अगर यहां शादी समारोह करेंगे तो यहां विकास होगा। डेस्टिनेशन वेडिंग उत्तराखंड में करिए।”
महिलाओं को लखपति बनाने का सपना- पीएम
पीएम ने कहा कि मेरा एक संकल्प है, आने वाले कुछ समय में इस देश में 2 करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति बनाने के लिए मैंने ‘लखपति दीदी’ अभियान चलाया है. हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड से 2 करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति बनाने का काम तेजी से पूरा हो जाएगा.
पहले की सरकारों पर साधा निशाना
पीएम ने कहा कि पहले की सरकारों की अप्रोच थी कि जो इलाके सीमा पर हैं, उनको ऐसे रखा जाए कि पहुंच कम हो. डबल इंजन की सरकार ने इस सोच को भी बदला है. हम सीमावर्ती गांवों को लास्ट विलेज नहीं, बल्कि देश के फर्स्ट विलेज के रूप में विकसित करने में जुटे हैं.
उत्तराखंड में अभूतपूर्व निवेश कर रही सरकार- पीएम
पीएम ने कहा कि आज भारत सरकार 21वीं सदी के आधुनिक कनेक्टिविटी के इंफ्रास्ट्रक्चर पर उत्तराखंड में अभूतपूर्व निवेश कर रही है. केंद्र सरकार के इन प्रयासों के बीच राज्य सरकार भी छोटे शहरों और गांव-कस्बों को जोड़ने के लिए पूरी शक्ति से काम कर रही है. वो दिन दूर नहीं जब दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से, दिल्ली और देहरादून की दूरी ढाई घंटे होने वाली है.







