नीट पेपर लीक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान सामने आया है. पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करके अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का हित मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि पेपर लीक के आरोपियों को कठोर सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन किया जाएगा. संबंधित विभाग को इस बारे में निर्देश दे दिए गए हैं. युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
उन्होंने एक्स पर कहा कि
‘देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा. इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें. विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है. युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.’
क्यों अहम है पीएम मोदी की यह टिप्पणी
गौरतलब है कि पीएम मोदी की यह टिप्पणी ऐसे वक्त में आई है, जब सरकार पर सीजेपी आंदोलन का प्रेशर बनता जा रहा है. सोनम वांगचुक अब भी अनशन पर हैं. वह मेदांता अस्पताल से ही अनशन कर रहे हैं. वहीं, जंतर-मंतर पर देशभर के छात्रों का जमावड़ा लगा हुआ है. सीजेपी यानी कॉकरोच जनता पार्टी लगातार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है. सोमवार को संसद मार्च के दौरान झड़प भी हुई थी. सोनम वांगचुक और सीजेपी की मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया जाए.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के वजह से प्रदर्शन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से कॉकरोच जनता पार्टी नीट पेपर लीक के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है. 21 जुलाई को नेता विपक्ष राहुल गांधी सहित कई विपक्षी नेताओं ने दिल्ली में पीएम आवास के बाहर धरना दिया था. 20 जुलाई को सीजेपी के नेतृत्व में संसद मार्च निकाला गया था, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई थी. हिंसा में कई पुलिस वाले और प्रदर्शनकारी घायल हो गए थे.
जेपी नड्डा बोले- बातचीत हमेशा ही ठीक रहती है
मंगलवार को एनडीए द्वारा आयोजित संसदीय दल की मंगल मिलन बैठक में शामिल हुए जेपी नड्डा से मीडिया ने सीजेपी प्रतिनिधियों से हुई मुलाकात के बारे में सवाल किया था. सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि बातचीत ठीक रही और बातचीत हमेशा ही ठीक रहती है. दरअसल, एक दिन पहले विरोध प्रदर्शन के बीच सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की थी. सरकार ने सीजेपी के साथ बात करने के लिए जेपी नड्डा को नियुक्त किया था.







