शनिवार 11 नवंबर को वर्ल्ड कप 2023 का आखिरी डबल हेडर खेला गया। पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हरा दिया। दूसरे मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 93 रन से हराया। इस हार ने पाकिस्तान की टॉप-4 में पहुंचने की उम्मीदें तोड़ दी।
आज वर्ल्ड कप लीग स्टेज का आखिरी दिन है। डबल हेडर से बनते समीकरण कैसे बदलेंगे? जानेंगे कप कैसे जीतेगा इंडिया में…
पॉइंट्स टेबल की स्थिति
16 पॉइंट्स के साथ भारत टेबल टॉपर है। टीम इंडिया ने 8 मैच खेले और सभी में जीत हासिल की। आज उसका आखिरी लीग मैच है।
साउथ अफ्रीका टेबल में नंबर 2 पर है। उसने 9 मैच खेले और 7 जीते हैं। उसके 14 पॉइंट्स हैं।
पॉइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर है। 9 में से 7 मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया के 14 पॉइंट्स हैं। नेट रन रेट कम होने की वजह से वो साउथ अफ्रीका से पीछे है।
न्यूजीलैंड चौथी पोजिशन पर है। उसके अभी 10 पॉइंट्स हैं। न्यूजीलैंड ने 9 में से 5 मुकाबले जीते हैं।
ये चारों टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं।

पाकिस्तान चौथी पोजिशन हासिल नहीं कर सकी
वर्ल्ड कप 2023 का पहला सेमीफाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच होगा और दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। इन दोनों मुकाबलों में जीतने वाली टीमें अहमदाबाद में फाइनल खेलेंगी। पाकिस्तान ने 9 मैच खेले। 4 मैच जीतने के बाद उसके 8 पॉइंट्स हैं। पाकिस्तान ने 5वीं पोजिशन पर वर्ल्ड कप 2023 का सफर खत्म किया। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन टीम इंग्लैंड ने 9 में से 3 मुकाबलों में जीत हासिल की। उसने 6 पॉइंट्स के साथ वर्ल्ड कप लीग स्टेज समाप्त की। अपना आखिरी मैच जीतने के बाद इंग्लैंड 7वीं पोजिशन पर है।



नीदरलैंड के पास टॉप-8 में शामिल होने का मौका
आज भारत और नीदरलैंड के बीच वर्ल्ड कप 2023 के लीग स्टेज का आखिरी मैच है। भारत 8 मुकाबले जीतने के बाद पहले ही सेमीफाइनल की टिकट अपने नाम कर चुका है।
नीदरलैंड 8 में से सिर्फ 2 मुकाबले जीतकर पॉइंट्स टेबल में आखिरी पोजिशन पर है। अगर टीम इंडिया आज जीतती है तो 18 पॉइंट्स के साथ टेबल के टॉप पर रहेगी और लीग राउंड खत्म करेगी।
नीदरलैंड इस मैच को जीतकर टॉप-8 में जगह बनाना चाहेगी। ताकि वो 2025 में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई कर सके।









