कांग्रेस सांसद राहुल गांधी तीन दिन के उत्तराखंड दौरे पर रविवार को केदारनाथ धाम जाएंगे। पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा और 2024 लोकसभा चुनाव में जीत के लिए वे यहां रूद्राभिषेक करेंगे। कांग्रेस ने X पर लिखा- राहुल उत्तराखंड की धार्मिक यात्रा पर हैं। इस दौरान कोई राजनीतिक आयोजन नहीं होगा।
राहुल दोपहर 12 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां से सीधे बाबा केदारनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। वे केदारनाथ के निर्माण कार्यों का भी जायजा लेंगे। इससे पहले 2015 में राहुल गांधी पैदल यात्रा करके केदारनाथ धाम पहुंचे थे।
18 नवंबर तक बंद हो जाएंगे चारों धाम के कपाट
25 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा के कपाट नवंबर में 6 महीने के लिए बंद कर दिए जाएंगे। 14 नवंबर को गंगोत्री, 15 नवंबर को यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट बंद होंगे। 18 नवंबर को बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होंगे। सिखों के प्रमुख तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब के कपाट 11 अक्टूबर को बंद कर दिए गए हैं।
चारधाम यात्रा में बना यात्रियों का नया रिकॉर्ड
उत्तराखंड चार धाम यात्रा में इस बार अब तक 52 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यह अब तक की रिकार्ड संख्या बताई जा रही है। 2022 में चारों धामों में करीब 46 लाख पहुंचे थे। इस बार 1 नवंबर तक 52 लाख 17 हजार 177 श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन कर चुके हैं। सबसे ज्यादा संख्या बाबा केदारनाथ धाम में दर्शन करने वालों की है। केदारनाथ धाम में करीब 17 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। इस बार यात्रा 18 नवंबर तक जारी रहेगी। उम्मीद की जा रही है कि यह संख्या 60 लाख के करीब पहुंच सकती है।







