पीएम मोदी आज छत्तीसगढ़ में कांकेर में विजय संकल्प महारैली कर रहे हैं. इस चुनावी रैली में पीएम मोदी ने कांकेर की जनता से कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का विकास से 36 का आंकड़ा है. पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का संकल्प पिछड़ों को आगे करना है, छत्तीसगढ़ को आगे करना है. जब तक दिल्ली में कांग्रेस की सरकार रही, भाजपा की छत्तीसगढ़ सरकार से दुश्मनी निकालती रही.
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भाजपा का संकल्प है कि छत्तीसगढ़िया पहचान को सशक्त करने है. हर गरीब आदिवासी-पिछड़े के हितों की रक्षा का है. छत्तीसगढ़ को देश के टॉप राज्यों में लाने का है.”
प्रधानमंत्री ने कहा, आपने देखा है, कोरोना का इतना बड़ा संकट आया। दुनिया के अनेक देशों में खाने का संकट पैदा हो गया। अपने गरीब भाई-बहनों को इस परेशानी से बाहर निकालने की चिंता भी आपके सेवक मोदी ने ही की। भाजपा सरकार ने आपके लिए मुफ्त राशन देने वाली योजना बनाई। लेकिन कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में इस योजना में भी घोटाला कर दिया।
गरीब की चिंता भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। हम आपके वर्तमान और भविष्य, दोनों की चिंता करते हैं। इसलिए बीते 9 वर्षों के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार ने जो भी योजनाएं बनाई हैं, उनका लक्ष्य एक ही रहा- गरीब का कल्याण।
छत्तीसगढ़ के लोगों को कांग्रेस ने टूटी-फूटी सड़कें दी हैं। आप लोगों को कांग्रेस ने बीमार-बदहाल स्कूल, अस्पताल दिए हैं। कांग्रेस ने सरकारी दफ्तरों में घूसखोरी का नया रिकॉर्ड बनाया है। कांग्रेस शासन में आपको नौकरियों की बंदरबांट, हत्या, अपराध, हिंसा, यही सब कुछ मिला है।
कांग्रेस और विकास में छत्तीस का आंकड़ा है। जहां कांग्रेस रहेगी, वहां विकास हो ही नहीं सकता। छत्तीसगढ़ ने भरी हुंकार, अबकी बार-भाजपा सरकार!






