इजरायल और हमास के बीच जारी जंग और भड़क गई है. अब इजरायली एयरफोर्स ने सीरिया के सैन्य ठिकाने पर एयरस्ट्राइक कर दी है, जिसमें सीरिया के 8 सैनिक मारे गए हैं. इस अटैक में सीरिया के 7 सैनिक घायल भी हो गए हैं. सीरिया के एफएम चैनल ने इस बात को कंफर्म किया है. आईडीएफ का कहना है कि हमास का अस्तित्व खत्म कर देंगे.
इजरायल हमास के युद्ध के 19वें दिन IDF ने कई मोर्चों पर हमास को नेस्तनाबूद कर दिया. हमास ने कहा, ‘बीते 24 घंटों में इजरायल के हमलो से उसके 305 बच्चे मारे गए हैं.’ इजरायल हमास युद्ध में IDF की सैन्य कार्रवाई में वेस्ट बैंक में हमास ने दावा किया है कि उसके कुल 100 लोगों की मौत हो गई है. वहीं हमास ने कहा है कि सप्लाई बंद होने की वजह से उनकी जरूरी चीजों की आपूर्ति नहीं हो पा रही है.
अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, कनाडा और इटली के नेताओं ने फलस्तीनी आतंकवादी समूह हमास के खिलाफ खुद की रक्षा करने के इजरायल के अधिकार का समर्थन किया. हालांकि, उन्होंने इजरायल से अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों का पालन करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह भी दोहराया.
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से फोन पर बातचीत करने के बाद व्हाइट हाउस ने रविवार को एक संयुक्त बयान जारी कर यह बात कही.
बयान के मुताबिक, ‘नेताओं ने इजरायल और आतंकवाद के खिलाफ खुद की रक्षा के उसके अधिकार के प्रति अपना समर्थन दोहराया. उन्होंने इजरायल से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन करने का आह्वान भी किया.”
हमास के आतंकवादियों द्वारा इजरायल पर सात अक्टूबर को हमला किए जाने के बाद से दोनों पक्षों में संघर्ष जारी है. इजरायल ने वर्ष 2007 से गाजा पट्टी पर हुकूमत कर रहे आतंकवादी समूह हमास के खिलाफ बड़े पैमाने पर जवाबी हमले शुरू किए हैं.
अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, कनाडा और इटली के नेताओं ने शनिवार को दो अमेरिकी बंधकों की रिहाई का स्वागत करते हुए बंधक बनाए गए बाकी लोगों को भी तत्काल छोड़ने का आह्वान किया. उन्होंने क्षेत्र में अपने नागरिकों, विशेष रूप से गाजा छोड़ने के इच्छुक लोगों का समर्थन करने के लिए एक-दूसरे के बीच करीबी समन्वय की प्रतिबद्धता भी जताई.
नेताओं ने गाजा में फलस्तीनियों तक मानवीय सहायता पहुंचने की घोषणा का स्वागत भी किया. उन्होंने मानवीय जरूरतों को पूरा करने के लिए भोजन, पानी, चिकित्सा देखभाल और अन्य आवश्यक सहायता तक निरंतर और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में भागीदारों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई.
बयान में कहा गया है, “नेताओं ने संघर्ष को अन्य इलाकों में फैलने से रोकने, मध्य-पूर्व में स्थिरता बनाए रखने और राजनीतिक समाधान एवं टिकाऊ शांति की दिशा में काम करने के लिए क्षेत्र में प्रमुख साझेदारों के साथ करीबी राजनयिक समन्वय जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई.”
इससे पहले, बाइडन ने गाजा और आसपास के क्षेत्रों के ताजा घटनाक्रम पर चर्चा करने के लिए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की. उन्होंने गाजा में मानवीय सहायता लेकर जा रहे दो काफिलों के प्रवेश का स्वागत किया. दोनों नेताओं ने गाजा में महत्वपूर्ण मानवीय सहायता का निरंतर प्रवाह सुनिश्चित करने की सहमति जताई.







