दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय में आज आयोजित होने वाले तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी गया आ रही हैं. सीयूएसबी पहली बार गया में अपने 300 एकड़ के स्थायी हरे-भरे परिसर में दीक्षांत समारोह का आयोजन करने जा रहा है. जो काफी हर्ष-उल्लास का विषय है. दीक्षांत समारोह दोपहर 02:45 बजे शुरू होने वाला है. यह लगभग 04:00 बजे समाप्त होगा. इससे पहले राष्ट्रपति लगभग 11 बजे गया एयरपोर्ट पहुंचेगी. जहां से पहले बोधगया महाबोधि मंदिर में पूजा अर्चना करेगी और फिर वहां से सीधे सीयूएसबी में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होगी.
टॉपर्स को डिग्री के साथ-साथ मेडल भी दिया जाएगा
दीक्षांत समारोह के दौरान टॉपर्स को डिग्री के साथ-साथ मेडल भी दिए जाएंगे. जिसमें चांसलर गोल्ड मेडल, स्कूल गोल्ड मेडल, डिपार्टमेंट गोल्ड मेडल आदि शामिल हैं. साल 2018, 2019 और 2020 के दौरान अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट और एम.फिल./पीएचडी स्तर के उत्तीर्ण छात्रों को तीसरे दीक्षांत समारोह के दौरान डिग्री प्रदान की जाएगी. गौरतलब है कि 103 स्वर्ण पदकों में से छात्राओं ने प्रभावशाली ढंग से 66 पदक हासिल किए हैं. इसके अलावा, कुछ छात्रों ने विभिन्न श्रेणियों से एक से अधिक स्वर्ण पदक हासिल किए हैं.
इनको मिलेगा स्वर्ण पदक
शैक्षणिक सत्र 2016-18 से दो छात्रा अंकिता कुमारी (एमएससी लाइफ साइंस) और सान्या दरख्शां किश्वर (इंटीग्रेटेड बीएससी एलएलबी (ऑनर्स) को तीन श्रेणियों (चांसलर स्वर्ण पदक, स्कूल स्वर्ण पदक और विभाग स्वर्ण पदक) से स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा. इसी तरह शैक्षणिक सत्र 2017-19 से फरजाना नवशीन (एमएससी बायोटेक्नोलॉजी) और नवनीत कुमार (इंटीग्रेटेड बीए एलएलबी (ऑनर्स) और शैक्षणिक सत्र 2018-20 से प्राची कुमार (इंटीग्रेटेड बीएससी बीएड) और शिवम पांडे (एमएससी कंप्यूटर साइंस) ने तीन श्रेणियों में तीन पदक हासिल किए हैं. वहीं, कुछ छात्रों ने स्कूल स्वर्ण पदक और डिपार्टमेंट स्वर्ण पदक नामक दो स्वर्ण पदक हासिल किए हैं.
शैक्षणिक सत्र 2016-18 से स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में सुधा सिन्हा (इंटीग्रेटेड बीएससी बीएड), आयुष आनंद (एमए कम्युनिकेशन एंड मीडिया), कुमारी अंकिता (एमए इंग्लिश), राबिया फातिमा (एमए साइकोलॉजी), रीता कुमारी ( एमए सोशियोलॉजी) और प्रियांशु प्रिया (एमएससी कंप्यूटर साइंस), शैक्षणिक सत्र 2017-19 से छात्रा रोमा कुमारी (इंटीग्रेटेड बीएससी बीएड), एलिजाबेथ चिरायिल (एमए साइकोलॉजी), सौरभ तिवारी (एमए कम्युनिकेशन एंड मीडिया), अफशा परवेज़ (एमए डेवलपमेंट स्टडीज), कुमारी प्रज्ञा (एमए हिंदी) और निमिषा एन जोस (एमएससी स्टेटिस्टिक्स) ने दो स्वर्ण पदक हासिल किए हैं.
शैक्षणिक सत्र 2016-18 से दो स्वर्ण पदक अर्थात स्कूल स्वर्ण पदक और विभाग स्वर्ण पदक रॉबिन विंसेंट (इंटीग्रेटेड बीए एलएलबी (ऑनर्स), प्रेरणा प्रिया (एमए डेवलपमेंट स्टडीज), अपर्णा कुमारी (एमए इंग्लिश), रवि रंजन कुमार (एमए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन), पीयूष आनंद (एमए साइकोलॉजी), संजय कुमार मोहंती (एमएससी बायोइनफॉर्मेटिक्स), ट्विंकल गोराई (एमएससी केमिस्ट्री) और अदिति (मास्टर ऑफ कॉमर्स) ने हासिल किए हैं. कुल मिलाकर, वर्ष 2018, 2019 और 2020 के दौरान अंडरग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में टॉप करने वाले कुल 103 छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा.
साल 2018 के लिए दो (02) छात्रों को चांसलर गोल्ड मेडल, आठ (08) छात्रों को स्कूल गोल्ड मेडल और 22 छात्रों को डिपार्टमेंट गोल्ड मेडल दिया जाएगा. इसी प्रकार, वर्ष 2019 के लिए दो छात्रों को चांसलर स्वर्ण पदक, आठ छात्रों को स्कूल स्वर्ण पदक और 22 छात्रों को विभाग स्वर्ण पदक दिया जाएगा. वर्ष 2020 के लिए दो छात्रों को चांसलर गोल्ड मेडल, दस छात्रों को स्कूल गोल्ड मेडल और 27 छात्रों को डिपार्टमेंट गोल्ड मेडल दिया जाएगा.







