वर्ल्ड कप 2023 के 11वें मुकाबले में न्यूजीलैंड की टक्कर बांग्लादेश से हो रही. ये मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा. न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है. विलियम्सन घुटने की चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहे. ये उनका विश्व कप का पहला मैच है. विलियम्सन इस मैच में विल यंग की जगह खेल रहे हैं.
टॉस जीतने के बाद विलियम्सन ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी रकेंगे. विकेट अच्छा नजर आ रहा है. वॉर्म अप मुकाबले में खेलना अच्छा रहा था. मैं विल यंग के स्थान पर टीम में आया हूं.”
शाकिब अल हसन ने कहा, थोड़ा उलझन में था (क्या करना है), लेकिन हमें पहले बल्लेबाजी करने में कोई आपत्ति नहीं थी. हमने पिछले 2 मैचों में बल्ले और गेंद से अच्छी शुरुआत नहीं की और ये दो क्षेत्र हैं जिनमें हम सुधार करना चाहते हैं. टीम में एक बदलाव है. महेदी के स्थान पर महमुदुल्लाह टीम में आए हैं.
न्यूजीलैंड ने अब तक खेले दोनों मैच जीते हैं. पॉइंट्स टेबल में कीवी टीम दूसरे स्थान पर है. न्यूजीलैंड ने पहले मैच में इंग्लैंड को हराया था जबकि दूसरे मुकाबले में नीदरलैंड्स को शिकस्त दी थी. वहीं, बांग्लादेश ने 2 मैच खेले हैं. इसमें अफगानिस्तान के खिलाफ जीत मिली थी जबकि इंग्लैंड ने पिछले मुकाबले में उसे हराया था.
न्यूजीलैंड के लिए इस वर्ल्ड कप में अलग-अलग खिलाड़ी मैच विनर साबित हुए हैं. इंग्लैंड के खिलाफ डेवोन कॉनवे और रचीन रवींद्र ने शतक मारा था. टॉम लाथम और विल यंग ने नीदरलैंड्स के खिलाफ अहम पारियां खेली थी. बांग्लादेश को लिटन दास और शाकिब अल हसन जैसे खिलाड़ियों से बड़ी उम्मीदें होंगी. लिटन ने इंग्लैंड के खिलाफ 76 रन की पारी खेली थी.
न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11: डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र, केन विलियम्सन (कप्तान), डेरिल मिचेल, टॉम लाथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, मिचेल सैंटनर, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट.
बांग्लादेश की प्लेइंग-11: लिटन दास, तंजीद हसन, नजमुल हुसैन शंटो, मेहदी हसन मिराज, शाकिब अल हसन (कप्तान), मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), तौहिद हृदय, महमूदुल्लाह, तस्कीन अहमद, शोरिफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान







