आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद एक बड़ी जानकारी सामने आई है. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सूत्रों ने बताया है कि संजय सिंह दिल्ली शराब नीति बनाने में शामिल थे. इसके लिए उन्हें मोटा कमीशन मिला था. सूत्रों के मुताबिक, नए सबूत मिलने के बाद ईडी ने सीबीआई को चिट्ठी लिखी थी और इसकी जानकारी दी थी. संजय सिंह को ईडी ने बुधवार (4 अक्टूबर) को गिरफ्तार किया.
सूत्रों ने बताया है कि प्रवर्तन निदेशालय दिल्ली शराब नीति घोटाले में आम आदमी पार्टी को आरोपी बनाने पर कानूनी विचार कर रही है. सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही कहा था कि जब कथित शराब घोटाले का पैसा पार्टी को मिला है, तो उसे आरोपी क्यों नहीं बनाया गया है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए ईडी ने फैसला किया है कि वह जल्द ही आप को इस मामले में आरोपी बनाएगी. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट को गुरुवार (5 अक्टूबर) को इसकी जानकारी दी जाएगी.
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने एक दिन पहले ही ईडी से पूछा था कि वह ये बताए कि अगर आम आदमी पार्टी को कथित तौर पर शराब घोटाले से फायदा हुआ और उसे पैसा मिला है. फिर प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) मामले में आरोपी क्यों नहीं बनाया गया है. जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस एसवी भट्टी की पीठ ने सीबीआई और ईडी की तरफ से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू से अदालत में ये सवाल पूछा.
पीठ ने पूछा, ‘जहां तक पीएमएलए का सवाल है, आपका पूरा मामला यह है कि अपराध का पैसा एक राजनीतिक दल को गया. वह राजनीतिक दल अभी भी आरोपी नहीं है. आप इसका जवाब कैसे देंगे?’ सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई चल रही थी, जो दिल्ली शराब नीति घोटाले में आरोपी हैं. सिसोदिया ने याचिका दायर जमानत की मांग की थी, ताकि वह अपनी बीमार पत्नी से मिल पाएं.
ईडी नया प्रोपेगेंडा कर रही: आतिशी
वहीं, दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा है कि अगर ईडी आप को आरोपी बनाने की तैयारी कर रही है, तो इसका मतलब हुआ कि 15 महीनों से जो जांच चल रही थी. उसके जरिए मनीष सिसोदिया या फिर किसी और के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है. आतिशी ने कहा कि कम से कम एक तो सुबूत वो देश के सामने रखें कि अगर कुछ मिला है तो वह लोग देख पाएं. संजय सिंह के घर पर क्या मिला. कुछ नहीं मिला. एक तरह से ईडी एक नया प्रोपेगेंडा कर रही है.
कथित शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार हुए AAP नेता संजय सिंह की आज ED रिमांड मांगेगी. सांसद की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी देशभर में प्रदर्शन कर रही है.
‘चुनौती देती हूं, बताएं एक रुपया भी संजय सिंह के घर से मिला?’
दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा, “मैं BJP, उनके प्रवक्ता और उनकी एजेंसियों को चुनौती देती हूं कि कोई भी प्रमाण रखें और बताएं एक रुपया भी जो संजय सिंह के घर से मिला हो, जिसके आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया. वे बताएं कि उन्हें संजय सिंह के घर से कितने सोने के बिस्किट, कितनी नकदी मिली? उन्हें संजय सिंह के घर से कुछ नहीं मिला.”
संजय सिंह के घरवालों से मिले संजय राउत
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत आज दिल्ली में हैं. यहां उन्होंने संजय सिंह के घर जाकर परिवारजनों से मुलाकात की. यहां राउत ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “ये एक वार है, जो अरेस्ट हुए हैं वो वॉर के प्रिस्नर की तरह हैं जो उनके खिलाफ बोलेगा उनको जेल में डालेंगे. हम सब तैयार हैं, अपातकाल से ज्यादा बुरा हाल होगा, मैं उनके परिवार से मिलकर आया हुआ. हम पर जितना जोर होगा हम उतना मजबूत होंगे. ये सिर्फ टारगेट लोगों को टारगेट किया जा रहे है. हम भी गिरफ्तार हुए हैं, हम लड़ते हैं लड़ते रहेंगे. सब झूठा आरोप है. मैं संजय सिंह को जानते हूं जब से वो राजनीति में नहीं थे. जहां जहां बीजेपी नहीं है वहां वहां रेड पड़ रही हैं.”
आतिशी बोलीं- ये छटपटाहट ही है कि जब कोई सबूत न मिले तो झूठे आरोप लगाओ
आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, पहले इन्होंने राज्यसभा से संजय सिंह को सस्पेंड किया जब इनका उससे भी मन नहीं भरा तो अब उनको गिरफ्तार कर लिया. बीजेपी की यह तानाशाही ही है कि यह बिना किसी सबूत के किसी को भी गिरफ्तार कर ले रहे हैं. यह छटपटाहट ही है कि जब इनको कोई सबूत नहीं मिला तो उनपर झूठे आरोप लगाओ.
आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने कहा, एक रुपये की भ्रष्टाचार का सबूत अभी तक यह साबित नहीं कर पाए हैं. इन्होंने पहले मनीष सिसोदिया पर झूठे आरोप लगाए और अब संजय सिंह जी पर झूठे आरोप लगा रही है. आठ घंटे तक ED ने छापा मारा लेकिन इनको कोई भी पैसा नहीं मिला. इनको भ्रष्टाचार का एक पैसा भी नहीं मिला. मैं बीजेपी पार्टी से बोलना चाहती हूं अगर वह इनपर भ्रष्टाचार का आरोप साबित नहीं कर पाते हैं तो बीजेपी के नेताओं को राजनीति छोड़ देनी चाहिए. संजय सिंह को गिरफ्तार करने का एक ही कारण है क्योंकि संजय सिंह बीजेपी के भ्रष्टाचार को उजागर करते रहे हैं.
आज आम आदमी पार्टी बीजेपी मुख्यालय पर विरोध करेगी
आप नेता गोपाल राय ने कहा, आज आम आदमी पार्टी बीजेपी मुख्यालय पर विरोध करेगी. देश भर में विरोध प्रदर्शन होगा. आम आदमी पार्टी संघर्ष से पैदा हुई है. इस देश में अघोषित तानाशाही चल रही है. बीजेपी चुनाव हारने जा रही है. ये बौखालाहट में उठाया गया कदम है. आम आदमी पार्टी को बीजेपी रोक नहीं पाएगी.
‘ईडी वाले के आंका ने जो समझाया वह करके गए’- संजय सिंह के पिता
आप नेता संजय सिंह एक दिन पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं. इसपर संजय सिंह के पिता ने कहा, “ईडी वाले के आंका ने जो समझाया वह करके गए. घर में कुछ नहीं मिला. इसलिए लंबी रेड चली क्योंकि कुछ मिला ही नहीं.”
संजय सिंह की गिरफ्तारी को आम आदमी पार्टी ने बताया फर्जी
संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के नेता दिलीप पांडे ने कहा, “बीजपी को हार का डर सता रहा है और ये उनकी बौखलाहट है जिसकी वजह से इस तरह की गिरफ्तारियां की जा रही है. फर्जी गिरफ्तारी की जा रही है. INDIA गठबंधन का भी डर है. BJP को सबसे ज्यादा डर आम आदमी पार्टी और केजरीवाल से है. संजय सिंह शेक हैं. वो मरना पसंद करेंगे लेकिन झुकना पसंद नहीं करेंगे.”







