प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भोपाल में कहा, ‘मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है।’ कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुए उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस को अब कांग्रेस के नेता नहीं चला रहे। अब कांग्रेस एक कंपनी बन गई है। नारों से लेकर नीतियों तक हर चीज आउटसोर्स कर रही है। ये ठेका अब कुछ अर्बन नक्सलियों के पास है। कांग्रेस में अब अर्बन नक्सलियों की चल रही है।’
PM ने जंबूरी मैदान में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस ने अपनी सारी इच्छाशक्ति खो दी है। कांग्रेस के जमीन से जुड़े नेता चुपचाप मुंह पर ताला लगाकर बैठ गए हैं। कांग्रेस पहले बर्बाद हुई, बैंक करप्ट हुई, अब अपना ठेका दूसरे लोगों को दे दिया है। ये ग्राउंड पर कांग्रेस का हर कार्यकर्ता महसूस कर रहा है। कांग्रेस जमीन पर लगातार खोखली हो रही है।’
PM ने आग्रह करते हुए कहा, ‘2 अक्टूबर को बापू की जयंती है। इससे पहले 1 अक्टूबर को स्वच्छता से जुड़ा कार्यक्रम पूरे देश में होने वाला है। मेरा आग्रह है कि आप सभी इस स्वच्छता के कार्यक्रम में जुड़िए। त्योहारों में हमें ‘वोकल फॉर लोकल’ याद रखना है। खादी के कपड़े खरीदने हैं। जो गिफ्ट खरीदें, वो लोकल हो, भारत में बना हो, यह बात हमें कभी भी भूलनी नहीं है।’
प्रधानमंत्री के भाषण की बड़ी बातें…
संसद में महिला आरक्षण बिल पर
- मोदी ने आपको जो गारंटी दी थी, वो पूरी हो गई है। लोकसभा-राज्यसभा में 33% सीट आरक्षित करने का कानून नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हुआ। दशकों से देश की माताएं-बहनें इसका इंतजार कर रही थीं। यह तक कहा जाने लगा था कि शायद यह कभी नहीं हो पाएगा। मोदी है तो हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है।
- कांग्रेस और उसके नए घमंडिया गठबंधन ने मजबूरी में इस बिल का समर्थन बहुत खट्टे मन से किया। यह खट्टापन उनके बहानों में दिखता है। इनके गठबंधन में जितने लोग हैं, वही लोग हैं, जिन्होंने 30 साल तक इस कानून को पारित नहीं होने दिया। पार्लियामेंट में हुड़दंग किया, बिल फाड़ दिए, स्पीकर पर हमले बोल दिए।
- इनको नारी शक्ति वंदन अधिनियम का मजबूरी में समर्थन इसलिए करना पड़ा, क्योंकि मेरी माताएं-बहनें जाग गई हैं। उन्होंने अपनी शक्ति का परिचय करवा दिया है। ये माताओं-बहनों से डरे हुए हैं। इसलिए सिर नीचा कर हाउस में बेमन से अंगुली दबा दी।
- इन्होंने तो दशकों तक देश में भारी बहुमत से सरकारें चलाई हैं। तब क्यों नहीं कानून बनाया? अब जब उनको यह लगता है कि देश की माताएं – बहनें उनके चरित्र को जान गई हैं, तो क्या शुरू किया- ये क्यों नहीं है, वो क्यों नहीं है, ऐसा क्यों है, वैसा क्यों नहीं? जो बहाने ये आज बना रहे हैं, तब क्यों नहीं ये सब कुछ कर दिया। सच यह है कि इनकी नीयत में खोट है।
पीएम मोदी दोपहर 1 बजे भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे. उनके प्रवास के मद्देनजर भोपाल की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद होगी. प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए भोपाल में 4000 पुलिस बल को तैनात किया गया है. इसमें 26 आईपीएस होंगें. सुरक्षा व्यवस्था में एंटी ड्रोन सिस्टम भी लगाया गया है. पीएम नरेंद्र मोदी से पहले एसपीजी और एनएसजी की टीम भी भोपाल पहुंच चुकी है.
कई स्कूलों में छुट्टी घोषित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकर्ता महाकुंभ को लेकर शहर के कई निजी स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी है. छात्रों को परेशानी से बचाने के कारण स्कूल संचालकों की तरफ से छुट्टी का संदेश जारी कर दिया गया है. राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर 3 कैबिनेट मंत्रियों को जिम्मेदारी दी है. गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, मंत्री भूपेंद्र सिंह और मंत्री विश्वास सारंग को मिनिस्टर इन वेटिंग बनाया गया है.
पीएम मोदी का दौरा, मिनट टू मिनट कार्यक्रम
-
- सुबह 10:55 बजे भोपाल एयरपोर्ट पर आगमन
- सुबह 11:00 बजे एमआई 17 हेलीकॉप्टर से जंबूरी मैदान के लिए रवाना
- सुबह 11:20 बजे जंबूरी मैदान हेलीपैड पर पहुचेंगे पीएम मोदी
- सुबह 11:25 बजे कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान के लिए प्रस्थान
- सुबह 11:30 बजे कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान पहुंचेंगे पीएम
- सुबह 11:30 से 12:30 बजे कार्यकर्ता महाकुंभ में करेंगे शिरकत
- दोपहर 12:35 बजे जंबूरी मैदान से हेलीपैड की ओर प्रस्थान
- दोपहर 12:40 बजे हेलीपैड जंबूरी मैदान पहुंचेंगे
- दोपहर 12:45 बजे एमआई 17 हेलीकॉप्टर से एयरपोर्ट रवाना
- दोपहर 1:05 बजे भोपाल एयरपोर्ट, दोपहर 1:10 बजे पीएम मोदी दिल्ली रवाना होंगे