विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) की तीसरी बैठक आज से मुंबई में शुरू हो रही है। ये बैठक दो दिन (31 अगस्त-1 सितंबर) चलेगी। शरद पवार ने कहा कि बैठक में 28 पार्टियों के करीब 63 नेता शामिल होंगे।
बैठक में गठबंधन का लोगो (LOGO) और कन्वीनर (संयोजक) का नाम सामने आ सकता है। सबसे प्रमुख ये तय होना है कि कौन सा दल, कहां से, कितनी सीटों पर चुनाव (सीट शेयरिंग) लड़ेगा। गठबंधन में शामिल दल कई राज्यों में एक-दूसरे के विरोधी हैं। कोऑर्डिनेशन कमिटी का गठन करने के साथ ही सचिवालय और चुनाव प्रबंधन पर चर्चा होगी। इसके साथ ही रिसर्च विंग का गठन, प्रवक्ताओं का चयन और नेशनल एजेंडा के लिए कमिटी का गठन किया जाएगा।
इससे पहले कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने कहा था- लोकसभा चुनाव I.N.D.I.A. गठबंधन को जीत मिलने के बाद ही PM पद के लिए नाम तय किया जाएगा। चुनकर आए सांसद ही PM चुनेंगे।
बंगाल CM ममता बनर्जी , आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, उनके बेटे तेजस्वी यादव 30 अगस्त को दिन में मुंबई पहुंच गए थे। ममता अमिताभ बच्चन और उनके परिवार से मिलीं। वहीं, उद्धव ठाकरे को राखी बांधी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव आज सुबह 11 बजे सैफई से मुंबई रवाना होंगे।
गठबंधन की बैठक का एजेंडा
- गठबंधन का लोगो फाइनल किया जाएगा
- कोऑर्डिनेशन कमिटी का गठन होगा
- चुनाव प्रबंधन के लिए सचिवालय
- रिसर्च विंग का गठन
- 5 से 10 प्रवक्तओं का चयन
- मीडिया और सोशल मीडिया टीम का गठन
- नेशनल एजेंडा के लिए कमिटी का गठन
- संयुक्त अभियान के मुद्दे पर होगी चर्चा
- संयुक्त कार्रवाई अनुसूची
कुल 28 दल हिस्सा लेंगे
देश की आर्थिक राजधानी के ग्रैंड हयात फाइव स्टार होटल में आज और कल होने वाली इस बैठक में इस बार कुल 28 दल हिस्सा लेंगे जो बेंगलुरु में हुई पिछली बैठक के मुकाबले दो अधिक होंगे। आज शाम विपक्षी दलों के नेता होटल में जमा होंगे और फिर वहीं पर रात्रिभोज होगा। इस दौरान अनौपचारिक बातचीत होगी। इस रात्रिभोज का आयोजन शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा किया जा रहा है।
मतभेदों को हल करने पर चर्चा
विपक्षी दलों के नेता 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए का मुकाबला करने के लिए संयुक्त प्रचार रणनीति तथा अपने सदस्यों के बीच मतभेदों को हल करने पर चर्चा करेंगे। उनके गठबंधन के साझा न्यूनतम कार्यक्रम का मसौदा तैयार करने, देशभर में आंदोलन करने के लिए संयुक्त योजनाएं बनाने और सीट बंटवारे के लिए कुछ समितियों की घोषणा करने की भी संभावना है।
सीट बंटवारे को लेकर चर्चा, 11 सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी
मुंबई में होने वाली तीसरी मीटिंग में सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा होनी है। इसमें 11 सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी को भी अंतिम रूप दिया जाएगा। इसमें कांग्रेस, TMC, DMK, आप, JDU, RJD, शिवसेना (यूबीटी), NCP, झारखंड मुक्ति मोर्चा, समाजवादी पार्टी और CPI(M) से एक-एक सदस्य होंगे। गठबंधन में शामिल अन्य छोटे दलों को समिति में जगह नहीं मिलेगी।
एक संयुक्त सचिवालय की घोषणा
2024 लोकसभा चुनावों को देखते हुए संयुक्त विरोध प्रदर्शनों और रैलियों को आयोजित करने के एक अन्य पैनल की घोषणा करने की भी संभावना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी दलों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए एक संयुक्त सचिवालय की भी जल्द घोषणा की जाएगी।
राज्यों में आपसी मतभेद को दूर करना होगा
बैठक के दौरान सभी पार्टियों के आपसी मतभेद को दूर किया जाएगा। खासकर उन राज्यों में जहां वे सीधे चुनावी लड़ाई में हैं। केरल में कांग्रेस और लेफ्ट, पश्चिम बंगाल में लेफ्ट और TMC, पंजाब और दिल्ली में AAP और कांग्रेस, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस और जम्मू-कश्मीर में PDP और नेशनल कॉन्फ्रेंस एक-दूसरे के धुर-विरोधी हैं। ऐसे में इस मसलों को सुलझाना होगा।







