बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) का तमिलनाडु दौरा अचानक रद्द हो गया है. आज ही सीएम नीतीश कुमार को तमिलनाडु जाना था. वहां के सीएम एमके स्टालिन (MK Stalin) से मिलते. अब डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) और मंत्री संजय झा (Sanjay Jha) चेन्नई के लिए पटना से रवाना हुए हैं. सीएम नीतीश कुमार के प्लान में बदलाव के पीछे की वजह भी सामने आई है. बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार स्वास्थ्य कारणों से दौरा रद्द किया है.
पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम नीतीश कुमार के साथ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को चेन्नई जाना था. अब अचानक बदलाव के बाद नीतीश कुमार की ओर से जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री संजय झा को चेन्नई भेजा गया है. अब एमके स्टालिन से तेजस्वी यादव और संजय झा मुलाकात करेंगे.
विपक्षी एकता की बैठक से पहले दोनों सीएम के बीच ये मुलाकात काफी अहम मानी जा रही थी। महागठबंधन के नेता इसे विपक्षी एकता को मजबूत करने की कोशिश को एक अहम कड़ी मान रहें थे। वहीं, बीजेपी इस बैठक को लेकर लगातार सवाल खड़ा कर रही।
नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव आज तिरुवरुर में डीएमके के दिवंगत नेता और पूर्व सीएम एम. करुणानिधि की स्मृति में एक कार्यक्रम में शामिल होंने वाले थे । करुणानिधि के बेटे और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने खुद इस बात की जानकारी दी थी। स्टालिन ने कहा कि करुणानिधि के पैतृक जिले तिरुवरूर में स्थापित ‘कलैगनार कोट्टम’ परिसर का उद्घाटन नीतीश कुमार करेंगे। वहीं तेजस्वी यादव ‘मुथुवेलार’ पुस्तकालय का उद्घाटन करेंगे।
तमिल में ‘कोट्टम’ का अर्थ किसी बहुत ही सम्मानित व्यक्ति की स्मृति में निर्मित संरचना से है। पार्टी कार्यकर्ताओं को लिखे पत्र में डीएमके चीफ ने उनसे 20 जून के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हिस्सा लेने की अपील भी की थी। स्टालिन ने कहा था कि कार्यक्रम में वह अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान नीतीश कुमार की स्टालिन संग मीटिंग भी होनी थी । अब देखना होगा कि इस मुलाकात के रद्द होने क्या बात निकलती है।
हालांकि, सियासी गलियारे में पटना की बैठक से पहले बिहार सीएम के तमिलनाडु दौरे को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। कहा जा रहा कि नीतीश कुमार का अचानक एमके स्टालिन से मुलाकात करना कुछ और ही इशारा कर रहा है। माना जा रहा कि सीएम नीतीश एक बार फिर से स्टालिन को विपक्षी बैठक के लिए न्योता देने जा रहे हैं। कहा जा रहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री कुछ बातों को लेकर नाराज हैं। हालांकि नाराजगी की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। नीतीश कुमार 20 को तमिलनाडु जाएंगे और एक दिन रहने के बाद 21 तारीख को पटना वापस आ जाएंगे।
RJD बोली- बीजेपी को सत्ता से बाहर करके दम लेंगे
नीतीश कुमार के चेन्नई दौरे को लेकर RJD नेता और पूर्व मंत्री विजय प्रकाश इसे एक बड़ी उपलब्धि के रूप मे देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि महागठबंधन बीजेपी को देश की सत्ता से बाहर करके दम लेगी। RJD नेता ने कहा कि बीजेपी देश को बर्बाद कर रही है। गंगा सफाई के नाम पर देश को दूषित कर रही है। देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद से बीजेपी को कैसे हटाया जाए। हम लोग सीएम नीतीश कुमार की अगुआई में लगातार इस पर काम कर रहे हैं।
असल मुद्दों पर होगी लोकसभा चुनाव
जदयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि नीतीश कुमार की मुहिम रंग लाने लगी है। वे देशभर के भाजपा विरोधी दलों के नेताओं से मिल रहें है। पटना में विपक्ष के बड़े नेताओं के साथ बैठक होने वाली है। इस बैठक में आगे की रणनीति तय होगी और रूप रेखा तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश का आम चुनाव देश के असल मुद्दे पर लड़ी जाएगी। विपक्षी एकता को लेकर देश के अंदर लोगो में खासा उत्साह है। इसका नतीजा बेहतर होगा।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
इधर, एक्सपर्ट का मानना है कि विपक्षी एकता की आगामी बैठक से देश में बड़ा मैसेज जाएगा। लोक नायक जय प्रकाश के बाद बिहार से सत्ता के खिलाफ आंदोलन होने जा रहा है और यह सब सीएम नीतीश कुमार की अगुवाई में हो रहा है। बिहार में विपक्षी एकता की बैठक 23 जून को होनी है। इस बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल हो रहे है।







