पीएम मोदी ने सोमवार को चक्रवाती तूफान बिपरजॉय से संबंधित हालात की समीक्षा की. अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि बिपरजॉय के बहुत प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में सौराष्ट्र-कच्छ के तटीय क्षेत्र में दस्तक देने की संभावना है. पीएम को बैठक में दी गयी प्रस्तुति के अनुसार कच्छ, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, राजकोट, जूनागढ़ और मोरबी में 15 जून सुबह से शाम तक 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की हवाओं के साथ तूफान आ सकता है और हवा की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पीएम नरेंद्र मोदी ने करीब 1 घंटे तक तूफान पर समीक्षा बैठक की है. बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, पीएमओ और गृह मंत्रालय के अधिकारी मौजूद रहे. पीएम मोदी ने चक्रवात बिपरजॉय पर ली समीक्षा बैठक में कहा कि नुकसान होने की स्थिति में तत्काल मदद के लिए तैयारियों के साथ आवश्यक सेवाओं का रखरखाव सुनिश्चित करें. पीएम की बैठक में मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि तूफान 15 जून को दोपहर में सौराष्ट्र और कच्छ में मांडवी और कराची के बीच जखाऊ बंदरगाह के पास टकराएगा. 125-130 किलोमीटर के बीच तेज हवाएं चलेंगी जो बढ़कर 145 किलोमीटर तक हो सकती हैं.







