रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी (AAP) की मेगा रैली (AAP Rally Ramlila Ground) हो रही है। दिल्ली में सेवाओं पर नियंत्रण संबंधी केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ सीएम अरविंद केजरीवाल हुंकार भरेंगे। पार्टी को उम्मीद है कि महारैली में एक लाख लोग शामिल होंगे। हालांकि, रामलीला मैदान जाने वाली सड़कों पर ज्यादा भीड़ नहीं दिख रही। रैली में केजरीवाल के साथ पंजाब सीएम भगवंत मान और सौरभ भारद्वाज, आतिशी और संजय सिंह सहित पार्टी के बड़े नेता शिरकत करेंगे। केजरीवाल ने इसी रामलीला मैदान से 2012 में राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। रविवार (11 जून) को वह फिर केंद्र सरकार के खिलाफ झंडा बुलंद करेंगे। दरअसल, केंद्र ने 19 मई को जारी अध्यादेश में राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण की स्थापना का प्रावधान किया गया। इसके जरिए सेवाओं से संबंधित मामलों पर नियंत्रण अपने अधिकार क्षेत्र में ले लिया। 11 मई को सुप्रीम कोर्ट ने फैसले में पुलिस, सार्वजनिक व्यवस्था और भूमि को छोड़कर दिल्ली सरकार को अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़े मामलों पर नियंत्रण दिया था।
ये मार्ग रहेंगे बंद, एडवाइजरी जारी
महारैली को देखते हुए यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने सलाह दी है कि रामलीला मैदान आने वाले मार्गों की बजाय वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। महाराजा रंजीत सिंह मार्ग, मीर दर्द चौक अजमेरी गेट जवाहरलाल नेहरू मार्ग भवभूति मार्ग, मिंटो रोड, दिल्ली गेट, कमला मार्केट से हमदर्द चौक और पहाड़गंज चौक पर महारैली में आने वाले लोगों की अधिक भीड़ हो सकती है।
सुबह 8:00 बजे से लेकर रैली समाप्त होने तक बाराखंभा रोड से गुरु नानक चैक तक रंजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड से कमला मार्केट गोल चक्कर, दिल्ली गेट से गुरुनानक चौक, कमला मार्केट से गुरुनानक चौक, चमन लाल मार्ग, अजमेरी गेट होते हुए आसफ अली रोड, पहाड़गंज चौक, झंडेवालान, देश बंधु गुप्ता रोड से अजमेरी गेट यातायात के लिए प्रतिबंधित रहेंगे।
दिल्ली के लोग आज होंगे एकजुट- केजरीवाल
सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि केंद्र के तानाशाही अध्यादेश के विरुद्ध दिल्ली के लोग रामलीला मैदान में एकजुट होंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए हो रही महारैली में अवश्य आएं।
AAP ने जताई एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद
रैली की तैयारी पूरी हो चुकी है और मंच भी सजकर तैयार हो गया है। आप ने महारैली में एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद जताई है।मंच पर सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ दिल्ली सरकार के मंत्रियों गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, आतिशी, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह व अन्य शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। आप के अनुसार पार्टी ने लोगों को अध्यादेश व उनके जीवन पर इसके प्रभाव के बारे में अवगत कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया है।
दिल्ली पुलिस ने किए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आम आदमी पार्टी की रामलीला मैदान में होने वाली रैली के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि 12 लेयर की सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
स्पेशल ब्रांच की रिपोर्ट है के रैली में करीब 15 से 20 हजार लोग आ सकते हैं। सुरक्षा में दिल्ली पुलिस के अलावा पारा मिलिट्री की भी तैनाती की गई है। सीएम की रैली में आम तौर पर इतनी भीड़ होती है।







