प्रदेश के 10 जिलों में गुरुवार को भीषण लू और 16 जिलों में लू का प्रभाव बना रहा। अगले 24 घंटों के दौरान पटना समेत 10 जिलों में भीषण लू और 16 जिले में लू का अलर्ट जारी किया है। बिहार में तपती गर्मी से अभी राहत के कोई आसार नजर नहीं आ रहे। सूबे के ज्यादातर जिलों में पारा ऊपर जा रहा। खगड़िया में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। भीषण गर्मी और लू से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 12 जून तक कई जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने शुक्रवार को पटना, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण और पूर्णिया सहित 10 जिलों के लिए भीषण गर्मी के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि दरभंगा, नवादा और नालंदा सहित 16 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सूर्य के तल्ख तेवर के कारण गुरुवार को पटना समेत प्रदेश के 21 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ खगड़िया में प्रदेश का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अिधक 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में इस जून में चौथी बार रिकॉर्ड तापमान की स्थिति रही। इस बीच केरल में मानसून का प्रवेश होते ही राज्य के कई हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां आरंभ हो गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, हवा की गति और हालात सही रहे तो पूर्णिया के रास्ते मानसून 18 जून के आसपास प्रवेश करेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मौसम विज्ञानी संजय कुमार ने पूर्वानुमान के आधार पर बताया कि 15 जून के आसपास पूर्वी जिलों में मानसून की गतिविधियां आरंभ हो जाएंगी।
खगड़िया में 44.5 तो पटना में 44 डिग्री पारा
अधिकतम तापमान की स्थिति देखें तो खगड़िया राज्य में सबसे गर्म रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में 44.1 डिग्री पारा रहा। पटना भी बुरी तरह से तप रहा है, यहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक आशीष कुमार सिंह ने कहा कि अगले चार दिनों तक राज्य में शुष्क मौसम बना रहेगा। तपती गर्मी और लू से अभी राहत नहीं मिलने वाली है।
10 से 12 जून के बीच बारिश के आसार
हालांकि, मौसम विभाग ने रविवार के बाद कुछ जगहों पर तापमान में कमी की संभावना जताई है। 10 से 12 जून तक उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश के आसार हैं। अगर ऐसा होता है तो तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। जिससे लोगों को गर्मी राहत मिलेगी।
पूर्णिया के रास्ते मानसून करेगा प्रवेश
18 जून को पूर्णिया के रास्ते मानसून प्रदेश में प्रवेश करेगा। 19-20 जून के आसपास पटना समेत प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, 11 जून तक मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा।
इस दौरान गर्मी और लू से लोग परेशान रहेंगे। गुरुवार को पटना का तापमान इस सीजन में सर्वाधिक दर्ज किया गया। यह बीते तीन वर्षों के दौरान पटना का सर्वाधिक अधिकतम तापमान रहा।
इसके पहले पटना का तापमान 15 जून 2022 को 41.9 डिग्री, आठ जून 2021 को 40.2 डिग्री, 11 जून 2020 को 38.3 डिग्री दर्ज किया गया था।
इन शहरों में भीषण गर्मी की चेतावनी
पटना समेत प्रदेश के भागलपुर, पूर्णिया, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सुपौल, अररिया, शेखपुरा, खगड़िया व कटिहार जिलों में भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है।
दरभंगा, जमुई, भोजपुर, वैशाली, औरंगाबाद, बांका, नवादा, नालंदा, सिवान, समस्तीपुर, अरवल, जहानाबाद, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर व सहरसा में लू को लेकर चेतावनी है। लू के दौरान जरूरी कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
भीषण लू वाले शहरों के तापमान
पटना-44.0
भागलपुर-43.6
पूर्णिया-43.2
वाल्मीकिनगर-44.1
सुपौल-41.7
मोतिहारी-42.8
शेखपुरा-43.8
भोजपुर-43.7
वैशाली-43.0
बेगूसराय-42.2
खगड़िया-44.5
कटिहार-42.7
जिरादेई-43.2
भोजपुर-43.7







