बिहार शरीफ और सासाराम में दंगों को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि दो लोग बिहार में इधर-उधर कर रहे हैं, एक राज कर रहा है और दूसरा उसका एजेंट बनकर घूम रहा है। उन्होंने कहा कि जानबूझकर माहौल खराब किया जा रहा है जल्द ही हिंसा का सच सामने आ जाएगा।
नीतीश कुमार ने कहा कि सासाराम और बिहार शरीफ में दंगा कराने की कोशिश की गई लेकिन ये लोग अपने इरादों में सफल नहीं हो पाएंगे। सबलोग आपस में मिलजुलकर रह रहे हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी के नेतृत्व में कितना बढ़िया शासन चला था। लेकिन इन लोगों का कुछ है जी.. ये लोग सब चीज पर अपना कब्जा कर लिए हैं और जहां भी बढ़िया काम हो रहा है वहां काम डिस्टर्ब करते हैं।
राज्य में हुई हिंसा को लेकर नीतीश ने कहा कि इसकी जांच चल रही है. बहुत जल्द सच सामने आ जाएगा. बिहार का माहौल कौन खराब कर रहा है और कौन लोग इस हिंसा के पीछे थे सब पता चल जाएगा. नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना में जगजीवन राम जयंती समारोह में शामिल होने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए बिहार हिंसा को लेकर बिना किसी राजनीतिक दल का नाम लिए कहा कि हिंसा कराकर राज्य का माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही ओवैसी जो भाजपा के एजेंट हैं वह जानबूझकर बिहार के बारे में भ्रामक बातें कर रहे हैं.
#WATCH सभी अधिकारी लगे हुए हैं। हर एक घर में जांच की जा रही है। कुछ दिन बाद सब पता चल जाएगा। यह सब(दंगा) जानबुझकर किया गया है… बिहारशरीफ में जो धंधा किया है, वो सब कुछ दिन बाद पता चल जाएगा… जांच चल रही है। 2 लोग हैं, एक राज कर रहा है और दूसरा उसका एजेंट है। वो दोनों मिलकर ये… pic.twitter.com/99cko7IoDA
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 5, 2023
गौरतलब है कि सासाराम और नालंदा हिंसा में बड़े स्तर पर आगजनी और उपद्रव देखने को मिला था. वहीं नालंदा में एक व्यक्ति की मौत भी हुई थी. इस घटना को लेकर बिहार दौरे पर आए गृह मंत्री अमित शाह ने नीतीश कुमार को असफल करार दिया था. वहीं ओवैसी ने नीतीश कुमार को हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया था. अब नीतीश ने दोनों को जवाव देते हुए बिहार हिंसा को प्रायोजित करार दिया.
हिंसा के पीछे साजिश- नीतीश कुमार
सीएम नीतीश ने आगे कहा कि ‘सारे अधिकारियों को कह दिया, सब लोग लगे हुए हैं। जितने लोग हैं, सब लोगों को कह चुका हूं। किसी भी कम्यूनिटी का हो। किसी भी जाति का हो, हम लोग पूरे तौर पर अलर्ट कर रहे हैं।’ सीएम नीतीश ने आगे कहा कि ‘2017 में जब इनके साथ गए थे। तो क्या हुआ था घटना। एक नेता के बेटा ने ही किया था सबकुछ। उसको हम अरेस्ट किए थे कि नहीं। ये सब कभी कुछ किया है। ये सब कुछ यहां पर जो कुछ हुआ है सबको मालूम है। एक-एक लोगों को मालूम है किस तरह से हम लोगों ने प्रारंभ से काम किया है। इन लोगों को कुछ पता है जी, क्या हुआ था वहां। अटल जी तो बहुत नाराज थे, इन सब का कुछ नहीं है, इनको छोड़ दीजिए।’







