हरियाणा के पानीपत के समालखा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS Meeting) की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा का आगाज हो गया है. समालखा में आरएसएस की वार्षिक बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत सहित करीब 1400 से अधिक संघ प्रतिनिधि पहुंचे हैं. बैठक में भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद हैं. रविवार को सरसंघसंचालक मोहन भागवत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया है.
जानकारी के अनुसार, बैठक में हरियाणा के 2024 विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव और अन्य राज्यों में होने वाले चुनावों को लेकर रणनीति पर मंथन होगा. साथ ही मुस्लिम समुदाय को साधने को लेकर भी कार्यक्रम में चर्चा होगी. 14 मार्च तक यह बैठक होगी, जिसमें संघ में बढ़ती महिलाओं की भूमिका, जनसंख्या नियंत्रण जैसे कई मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है. पट्टीकल्याणा स्थित सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र में चल रही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा परिसर में संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य भय्याजी जोशी भी पहुंचे हुए हैं. ज्वाइंट सचिव डॉक्टर मनमोहन वैद्य ने कहा कि संघ की शाखा से किस तरह से महिलाओं को जोड़ा जाएगा. इस बात पर मीटिंग में मंथन होगा.
इससे पहले, शनिवार को यहां पर एक प्रदर्शनी में हरियाणा के इतिहास का वर्णन कर रहे शिलालेखों के बारे में दर्शाया गया है. प्रदर्शनी में स्वावलंबी भारत अभियान के साथ देश में स्वरोजगार को कैसे बढ़ावा दिया जा रहा है, इसके बारे में भी विस्तृत जानकारी दर्शाई गई है. वीडियो के माध्यम से सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र से समाज को क्या लाभ होगा, इसके बारे में भी बताया जा रहा है. मौकेपर संघ के उत्तर क्षेत्र संघचालक सीताराम व्यास, हरियाणा प्रांत संघचालक पवन जिंदल, भी उपस्थित रहे. भय्याजी जोशी ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी हमारी आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देने का काम करती हैं. ये युवा पीढ़ी को अपने ऐतिहासिक, धार्मिक स्थलों व इतिहास के बारे में जानकारी देने में सहायक सिद्ध होती हैं.







