मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को स्पष्ट रूप से कहा कि विधानसभा एवं विधान परिषद नियमों से चलेंगे और मुख्य विपक्षी दल भाजपा को सदन के अंदर कऱारा जवाब दिया जायेगा। सोमवार को आयोजित महागठबंधन एवं जदयू विधानमंड़ल दल की बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्ा नहीं है‚ इसलिए वह सदन में सिर्फ हंगामा करता है। उन्होंने सभी लोगों से सदन में रहने की अपील की और कहा कि राज्य सरकार बेहतर ढंग से काम कर रही है। हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। लोगों को नौकरी एवं रोजगार भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा का क्या हाल होगा‚ यह सभी लोग देखेंगे। पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा वालों ने हमारे वोट ले लिये थे। भाजपा वालों ने साजिश कर हमारे खिलाफ उम्मीदवार खड़़ा कराके हमें हरवाया। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में बहुत जल्द व्यापक पैमाने पर शिक्षकों की बहाली होगी। बैठक में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के अलावा महागठबंधन के राजद‚ जदयू‚ कांग्रेस‚ भाकपा–माले‚ माकपा‚ भाकपा व हम सहित महागठबंधन के सभी दल के नेता और विधायकगण मौजूद थे। बैठक में वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कह कि बजट सत्र में सरकार के महत्वपूर्ण वित्तीय और विधायी कार्य होंगे। इसलिए सदन में सभी सदस्य पूरी तरह भाग लें और उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में शामिल सभी दल एकजुट हैं। विपक्ष के द्वारा अकारण सरकार को घेरने का गलत प्रयास किया गया‚ तो उसका जवाब भी उसे उतने ही जोरदार तरीके से दिया जायेगा।उन्होंने कहा कि हम सरकार की तरफ से सभी चीजों को पारदर्शी तरीके से सदन के पटल पर रखने को तैयार हैं‚ लेकिन गंभीर से गंभीर बात को भी उठाने का और उस पर चर्चा करने का तरीका होता है। किसी भी विपक्षी सदस्य को नियम के तहत ही गंभीर विषय को उठाना होगा। सदन को स्थगित करना जिसका सिर्फ मकसद होता है‚ इसका मतलब वो बिहार की जनता और बिहार को नही समझता है।
कल मौका बिहार विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत का था। सेन्ट्रल हॉल में महागठबंधन सरकार के पहले बजट सत्र में दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर संबोधित कर रहे थे और सत्ता पक्ष और विपक्ष भिड़ंत के मोड में आ गए थे।
ऐसे शुरू हुई पक्ष-विपक्ष में तकरार
राज्यपाल बिहार सरकार के कार्यों का बखान कर रहे थे पर सदन में आवाजें उठ रहीं थीं, यूपी में का बा….। जवाबी हमले में कहा गया- बाबा बा….। उधर से कहा गया- भारत माता की जय तो इधर (सत्ता पक्ष) से कहा गया- संविधान बचाओ, देश बचाओ। राज्यपाल के 41 मिनट के भाषण में दोनों ओर से सवाल-जवाब का दौर जारी रहा।
विपक्ष ने रोजगार पर कसा तंज : राज्यपाल ने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था के सभी आयामों पर सरकार काम कर रही है और युवाओं के रोजगार देने को बड़े पैमाने पर काम हो रहा है तो भाजपा की तरफ से कहा गया- मकई की बाली की तरह युवाओं को पीटा जा रहा है। राज्यपाल ने हर घर नल जल पहुंचाने की बात की तो भाजपा की तरफ से आवाज आई, योजना अस्सी फीसदी फेल, लोगों को लाभ नहीं मिल रहा। हर पंचायत में उच्च माध्यमिक स्कूल खोलने की बात हुई तो विपक्ष ने तंज कसते हुए कहा- शिक्षक नहीं, बेंच-डेस्क नहींं, बिल्डिंग नहीं और बात शिक्षा की कही जा रही है।
कंफ्यूजन में तकरार : इस बीच भाजपा विधायक भागीरथी देवी और राजद विधायक रेखा देवी में नोंक-झोंक हो गई। अगल-बगल के पुरुष विधायक हंसने लगे। प्रकरण सामने आने पर पता चला कि भागीरथी अपने क्षेत्र में बंदर के आतंक पर सवाल उठा रही थी तो सामने बैठी रेखा देवी को लगा कि महागठबंधन सरकार के बारे में ऐसा कहा जा रहा है। कम्यूनिकेशन गैप के कारण असहज स्थिति हो गई।
आर्लेकर ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
अपराध, वाहन दुर्घटना, महिला-बच्चे-बूढ़ों की सुरक्षा के 20 मिनट में इमरजेंसी रिस्पॉन्स (सहायता) देने के लिए डायल 112 के तहत 400 डेडिकेटेड गाड़ी सड़कों पर।
जनसंख्या के अनुपात में पुलिसिंग सुनिश्चित करने को 75 हजार 724 नए पदों का सृजन।
राज्य के 12 जोन में बंटे पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए सभी जोन में फॉरेंसिक साइंस जांच केन्द्र खोले जा रहे।
सभी 1263 थानों में सीसीटीवी लग गए, 78 कोर्ट में भी लगाए जाएंगे ।
पिछले वर्ष अवैध शराब व्यापार करने वाले राज्य के बाहर के 2611 आरोपी पकड़ा गए जिसमें 111 बड़े शराब व्यापारी।
अभी राज्य में कोरोना के मात्र 1 केस, अब तक 13106 मृतकों के परिजनों को प्रति मृतक 4.50 लाख रुपए की सहायता।
राज्य के 44 पॉलीटेक्निकों और 60 आईटीआई में पढ़ाए जा रहे नए तकनीकी पाठ्यक्रम- ड्रोन टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, थ्री डी प्रिंटिंग, इलेक्ट्रिकल वेहिकल।
सभी वर्गों के युवक-युवतियों को अब उद्यमी योजना का लाभ।
गांवों में 14 लाख 24 हजार बिजली पोल पर लगाये जा रहे सोलर स्ट्रीट लाईट।
8517 हेल्थ सब सेंटरों में टेलीमेडिसीन सुविधा, 25 लाख से अधिक का इलाज।
सभी सड़कों, पुल-पुलियों, सरकारी भवनों का मेंटेनेंस विभाग के अधिकारी खुद करेंगे।
बिहार मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर, अप्रैल से चौथा कृषि रोड मैप का क्रियान्वयन।
1.30 करोड़ महिलाएं राज्य की 10.45 लाख जीविका से जुड़ स्वावलंबी बन रहीं।
विष्णुपद मंदिर के पास फल्गु नदी में रबर डैम, विष्णुपद से सीता कुंड जाने के लिए फल्गु नदी पर सीता सेतु।
गया, बोधगया और राजगीर में पहुंचा गंगा जल, इस साल नवादा भी पहुंच जाएगा।
इसी साल चालू हो जाएगा पीएमसीएच से दीदारगंज तक जेपी गंगा पथ।
सुन्नी और शिया वक्फ बोर्ड की जमीनों पर बहुउद्देशीय भवन बनाए जा रहे।
पहले चरण के जाति आधारित गणना का काम पूरा, अप्रैल में होगी असल गिनती।
6 विधेयकों को विस के पटल पर रखा
राज्यपाल द्वारा अनुमति के बाद 6 विधेयकों को विधानसभा के पटल पर रखा गया –
1. बिहार माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2022
2. बिहार लोकायुक्त (संशो.) विधेयक, 2022
3. बिहार विनियोग (संख्या-4) विधेयक, 2022
4. बिहार विनियोग अधिकाई व्यय (1989-90) विधेयक, 2022
5. बिहार तकनीकी सेवा आयोग (संशोधन) विधेयक, 2022
6. बिहार नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2022







