पटना में भारत जोड़ो यात्रा में शुक्रवार को गुरुद्वारे में कांग्रेसियों के बीच मारपीट हुई। एक-दूसरे की गिरेबां पकड़कर जान से मारने की धमकी भी। मारपीट कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और विधायक दल के नेता अजीत शर्मा के सामने ही हुई।
मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। यात्रा बांका से पटना पहुंची थी। यहां पर कांग्रेसी नेताओं को पटना साहिब गुरुद्वारे में माथा टेकने जाना था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कांग्रेस के शम्मी कपूर और पप्पू त्रिवेदी के साथ तू -तू, मैं-मैं के बाद जमकर मारपीट हुई है।
वीआईपी व्यवस्था को लेकर नाराजगी
वीआईपी लॉबी में बैठने और तख्त साहिब के दर्शन और माथा टेकने को लेकर कांग्रेसी आपस में भिड़ गए। विवाद यात्रा में शामिल और स्थानीय कांग्रेसी नेताओं में हुआ। लोकल कांग्रेसियों ने वीआईपी के लिए अलग व्यवस्था की थी। इसको लेकर यात्रा में शामिल कांग्रेसी गुस्सा हो गए और मारपीट करने लगे।
प्रदेश स्तर के कई नेता थे मौजूद
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, विधायक दल के नेता अजीत शर्मा, और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रेमचंद्र मिश्रा के सामने नेताओं ने अनुशासन तोड़ दिया। मारपीट के दौरान एक दूसरे को अपशब्द भी कहते नजर आए।
गुरुद्वारा में घुसने को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के सामने यह दोनों गाली गलौज और मारपीट करते नजर आए।हालांकि बाद में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मामले को बढ़ता देखकर वहां से निकल गए।
यात्रा में शामिल होने के लिए राहुल और प्रियंका को न्योता
बिहार में भारत जोड़ा यात्रा 5 जनवरी को बांका के मंदार पर्वत से शुरू हुई थी। यात्रा की शुरुआत में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए थे। यात्रा का समापन गया में होना है। इसमें शामिल होने के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को बिहार कांग्रेस ने न्योता भेजा है।