बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं हरियाणा के पूर्व राज्यपाल धनिक लाल मंडल के निधन पर बिहार के सियासी हलके में शोक की लहर छा गई है. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने धनिक लाल मंडल के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की साथ ही ये भी घोषणा करते हुए कहा कि धनिक लाल मंडल का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाजवादी नेता, बिहार विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष एवं हरियाणा के पूर्व राज्यपाल धनिक लाल मंडल के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए अपने शोक संदेश में कहा है कि वे एक लोकप्रिय राजनेता तथा कुशल प्रशासक थे.
वो अपने क्षेत्र में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे. उन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया. उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से दुख पहुंचा है. उनका निधन सामाजिक एवं राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है.
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय धनिक लाल मंडल के पुत्र एवं विधायक श्री भारत भूषण से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हे सांत्वना दी साथ ही ये भी जानकारी देते हुए बताया कि स्वर्गीय धनिक लाल मंडल का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है.
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने भी शोक प्रकट करते हुए कहा कि हरियाणा के पूर्व राज्यपाल एवं बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धनिक लाल मंडल जी के निधन की खबर दुःखद है. उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है. भगवान दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक-संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें.







