हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर आज 12 नवंबर को चुनाव हो रहे हैं। मतदान सुबह 08 बजे शुरू हो गया, जो शाम 05 बजे तक चलेगा। सुबह 08 बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई हैं। इस बार प्रदेश के 55,92,828 मतदाता चुनावी रण में उतरे 412 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत आज ईवीएम में कैद कर देंगे। इनमें 24 महिलाएं भी शामिल हैं। हिमाचल की मतगणना 08 दिसंबर को होगी।
हिमाचल प्रदेश में कुल मतदाताओं में 67559 सेवा मतदाता, 22 प्रवासी भारतीय मतदाता तथा 5525247 आम मतदाता हैं। राज्य में पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। इनमें 2854945 महिलाएं, 2737845 पुरुष तथा 38 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मतदान के लिए उन प्रवासी मतदाताओं को मूल पासपोर्ट दिखाना होगा, जो पासपोर्ट विवरण अनुसार जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मतदाता सूचियों में शामिल हैं।
Live Updates :-
-हिमाचल विधानसभा चुनाव में सोलन विधानसभा क्षेत्र के बगेटू गांव निवासी 105 वर्षीय डालिया राम ने बशा मतदान केंद्र पर डाला वोट
– हिमाचल प्रदेश में दोपहर 01 बजे तक 37.19 प्रतिशत मतदान, सिरमौर जिले ने शुरुआत से ही बढ़त बना रखी है।
– मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश में 157 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला कर्मचारी कर रही हैं। हमीरपुर जिले में क्रेच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है ताकि बच्चों के साथ आने वालों को समस्या का सामना ना करना पड़े। इस बार 1.93 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं…यहां हिमाचल में 56,000 विकलांग मतदाता(PWD) हैं। हमने उनके लिए काफी इंतजाम किए हैं। 37 मतदान केंद्र ऐसे हैं जिनका संचालन केवल PWD के कर्मचारी ही कर रहे हैं।
- PM नरेंद्र मोदी का ट्वीट, ‘देवभूमि के समस्त मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। पहली बार वोट देने वाले राज्य के सभी युवाओं को मेरी विशेष शुभकामनाएं।
- राज्य मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोगों से कहा- पहले मतदान, फिर जलपान।
- राहुल और प्रियंका गांधी ने कहा- हिमाचल पुरानी पेंशन बहाली के लिए वोट करेगा, हिमाचल रोजगार के लिए वोट करेगा, हिमाचल हर घर लक्ष्मी योजना के लिए वोट करेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर के मतदान केंद्र पर वोट डाला।
- चंबा जिले के कबायली क्षेत्र पांगी के पुरथी मतदान केंद्र में सुबह 8 बजे EVM मशीन खराब होने की शिकायत आई। मतदान एक घंटे देरी से शुरू हुआ।
अब मतदान की फोटोज…








कांगड़ा जिला के सुलह विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 1 लाख 6 हजार 976 वोटर और लाहौल स्पीति में सबसे कम 24 हजार 744 में सबसे कम वोटर हैं। कांगड़ा जिला में सबसे ज्यादा 1,625 और लाहौल-स्पीति में सबसे कम 92 पोलिंग बूथ हैं। सभी मतदान केंद्र पोलिंग के लिए तैयार कर दिए गए है। 15 प्रतिशत पोलिंग पार्टियां और 15% EVM रिवर्ज रखी गई है, ताकि कहीं EVM के खराब होने पर तत्काल बदला जा सके।
प्रदेश में मुख्य मुकाबला कांग्रेस व भाजपा में है। राज्य की सत्ता में अभी भाजपा है और पार्टी ने 5 साल बाद सत्ता परिवर्तन के रिवाज को बदलने के लिए पूरी ताकत लगाई है। कांग्रेस के पास अभी 20 विधायक हैं, जबकि BJP के पास 45, 2 निर्दलीय और 1 CPIM का विधायक है।







