मुख्यमंथत्री नीतीश कुमार श्री गुरु नानक देव जी महाराज के ५५४वें प्रकाश पर्व के अवसर पर तख्त श्री हरिमंदिर साहिब में आयोजित मुख्य (दीवान) कार्यक्रम में शामिल हुए और मत्था टेककर राज्य में सुख‚ शांति एवं समृद्धि की कामना की। श्री कुमार ने मंगलवार को कार्यक्रम में शामिल होने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पटना साहिब गुरुद्वारा वह बराबर आते रहे हैं। बाबा मोहिन्दर जी की कृपा से यहां सब कुछ सुंदर ढंग से बन गया है। इनसे उन्होंने आग्रह किया था कि राजगीर में भी शीतल कुंड गुरुद्वारा को ठीक से बनवा दें।
उन्होंने मेरे आग्रह को स्वीकार किया और शीतलकुंड गुरुद्वारा सुंदर और भव्य बन गया है। बाबा मोहिन्दर जी ने न सिर्फ बिहार में बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में गुरुद्वारे का बेहतरीन निर्माण कार्य करवाया है। वर्ष २०१७ में ही हमसे उन्होंने गुरुद्वारे व अन्य निर्माण कार्य के संबंध में कहा था। इनके साथ हमारा पहले का संबंध है। यहां और जो कुछ कमी है उसे भी हमने ठीक करवाने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जिलाधिकारी को भी कह दिया कि सब कुछ सुचारू ढंग से होना चाहिए ताकि कहीं से भी किसी को कोई असुविधा न हो। यह जगह बहुत महत्वपूर्ण है। यही स्थल है‚ जहां पर गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का जन्म हुआ। सिखों के पहले से दसवें गुरु की पूरी जानकारी यहां पर उपलब्ध है। नई पीढ़ी के लोगों को यह सब जानने में बहुत सहूलियत होगी। जो लोग बाहर से यहां पर आएंगे उनके रहने के लिए कई जगहों पर अतिथिशाला का निर्माण करवाया गया है। अभी जो अतिथिशाला बनवाया जा रहा है उसमें एक ही साथ दो हजार लोग रह सकते हैं। यह जल्द ही यह बनकर तैयार हो जाएगा।
इस अवसर पर वित्त‚ वाणिज्य–कर सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी‚ जल संसाधन सह सूचना एवं जन–संपर्क मंत्री संजय कुमार झा‚ अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान‚ भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि‚ पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह‚ मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह‚ जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह‚ वरीय पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।







