रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के परिवार को फिर जान से मारने की धमकी मिली है। सूत्रों के मुताबिक, HN रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल के डिस्प्ले नंबर पर धमकी भरे आठ फोन कॉल किए गए। कॉलर ने उनके पूरे परिवार को तीन घंटे में खत्म करने की धमकी दी। इस मामले में दहिसर इलाके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने DB मार्ग पुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। मुंबई पुलिस ने तीन टीमें बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी थी। शुरुआती जांच में पता चला था कि कॉलर एक ही है और उसी ने लगातार आठ कॉल की हैं। इसके बाद कॉलर की लोकेशन ट्रैस कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। अभी उससे पूछताछ जारी है।
पकड़ा गया आरोपी मानसिक विक्षिप्त, सुरक्षा कड़ी
पुलिस ने बताया है कि शुरुआती पूछताछ में कॉलर मानसिक विक्षिप्त नजर आ रहा है। हालांकि, अभी उससे विस्तार से पूछताछ होनी बाकी है। इससे पहले अंबानी को धमकी मिलने की शिकायत मिलते ही मुंबई पुलिस अलर्ट हो गई थी। पुलिस कमिश्नर को भी इस मामले की जानकारी दी गई थी। वहीं, अंबानी परिवार और एंटीलिया की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

फरवरी 2021 में एंटीलिया के पास विस्फोटक भरी कार मिली
फरवरी 2021 में एंटीलिया के बाहर से विस्फोटक से लदी एक SUV बरामद की गई थी, जिसमें 20 जिलेटिन की छड़ें और एक चिट्ठी मिली थी। चिट्ठी में मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी को धमकी दी गई थी। इस केस में मुंबई पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट सचिन वझे का नाम आया था। अभी NIA इस केस की जांच कर रही है।

मुकेश अंबानी को Z+ और नीता अंबानी को Y+ सिक्योरिटी
मुकेश अंबानी को साल 2013 में हिजबुल मुजाहिद्दीन से धमकी मिलने के बाद तत्कालीन मनमोहन सिंह की सरकार ने Z+ सिक्योरिटी मुहैया कराई थी। उनकी पत्नी नीता अंबानी को 2016 में केंद्र सरकार ने Y+ सिक्योरिटी प्रदान की थी। उनके बच्चों को भी महाराष्ट्र सरकार की ओर से ग्रेडेड सुरक्षा दी जाती है।







